ब्रिक्स बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे रूसी विदेश मंत्री लावरोव, जयशंकर के साथ इन मुद्दों को लेकर होगी अहम चर्चा

Sergey Lavrov India Visit: रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान वे एस जयशंकर के साथ व्यापार, ऊर्जा और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे।
Russian Foreign Minister Lavrov Arrives in Delhi for BRICS Meeting; Key Discussions with Jaishankar on These Issues
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Sergey Lavrov India Visit BRICS Summit: रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे हैं, जहां वे 14-15 मई को होने वाली ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। यह BRICS सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में आयोजित हो रही है। इस बीच वो भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

पीएम मोदी के मुरीद हुए लावरोव

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना करते हुए उन्हें दुनिया के सबसे ऊर्जावान नेताओं में से एक बताया और कहा कि पीएम मोदी आर्थिक, रक्षा एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में भारत की संप्रभुता को मजबूत करने के लिए असाधारण काम कर रहे हैं। लावरोव ने भारत और रूस के बीच अटूट रणनीतिक विश्वास और पुरानी दोस्ती पर जोर देते हुए साफ किया कि भविष्य में भी इस मजबूत साझेदारी के कमजोर होने की कोई संभावना नहीं है।

ऊर्जा सुरक्षा और व्यापारिक हितों पर जोर

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और ऊर्जा सहयोग पर विस्तार से चर्चा होगी। जिसमें बाहरी दबावों और प्रतिबंधों से सुरक्षित एक स्थिर वित्तीय आपूर्ति तंत्र विकसित करना मुख्य प्राथमिकता है। रूसी विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वे ऊर्जा आपूर्ति की अपनी प्रतिबद्धताओं को हर हाल में पूरा करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी प्रकार की बाहरी प्रतिस्पर्धा या हस्तक्षेप का मौजूदा समझौतों पर कोई असर न पड़े।

उन्होंने कहा कि रूस ने लगातार भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया है, जिसमें तेल, गैस और कोयले का आयात शामिल है। लावरोव ने तमिलनाडु में स्थित कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र को दोनों देशों के बीच सहयोग का एक चमकदार उदाहरण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इस संयंत्र की पहली इकाई 2016 से पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है और अतिरिक्त रिएक्टर इकाइयों पर काम तेजी से चल रहा है।

'हिंदी-रूसी भाई-भाई'

भारत-रूस संबंधों की गहराई को बताते हुए लावरोव ने कहा कि यह रिश्ता केवल एक लेबल तक सीमित नहीं है, बल्कि ऊर्जा, रक्षा, व्यापार और राजनीतिक विश्वास के मजबूत स्तंभों पर टिका है। उन्होंने 'हिंदी-रूसी भाई-भाई' के ऐतिहासिक नारे को याद करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच एक 'भ्रातृत्वपूर्ण' संबंध रहा है। इस संबंधों को मजबूत करने में भारतीय सिनेमा और राज कपूर जैसे दिग्गजों ने रूस में लोगों के बीच गहरा जुड़ाव पैदा करने में बड़ी भूमिका निभाई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com