दक्षिण कोरिया में कार ने बस को मारी टक्कर, महिला की मौत; हादसे में कई लोग घायल

South Korea News: दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पश्चिमी सियोल में गलत साइड से आ रही एक कार ने बस को टक्कर मार दी जिसमें कार चला रही बुजुर्ग महिला की...
A car coming from the wrong side of the road collided with a bus, killing a woman and injuring several people in South Korea.
दक्षिण कोरिया में दर्दनाक सड़क हादसा, फोटो (सो. आईएएनएस)
Published on: 
Updated on: 

South Korea News In Hindi: दक्षिण कोरिया के पश्चिमी सियोल में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, गलत साइड से आ रही एक कार पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराई और इसके बाद एक चौराहे पर निजी शिक्षा संस्थान (हगवॉन) की बस से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में कार चला रही 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बस ड्राइवर और बस में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब 3:25 बजे पश्चिमी सियोल के येओंगदेउंगपो वार्ड इलाके में हुआ। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद पैदल लोगों को भी मामूली चोटें आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई छात्र सवार नहीं था।

पुलिस और इमरजेंसी सेवाएं मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और इमरजेंसी सेवाएं मौके पर पहुंचीं। घायल लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इलाके को घेरकर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया और दुर्घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी और सिक्योरिटी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही, इलाके में मौजूद अन्य वाहनों के ब्लैक बॉक्स (डैशकैम) की भी जांच की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार गलत साइड में कैसे और किन परिस्थितियों में आई।

फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर

इसके अलावा, फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तकनीकी जांच की जाएगी और मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराया जाएगा जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया में हाल के महीनों में सड़क दुर्घटनाओं के कई गंभीर मामले सामने आए हैं। इससे पहले नवंबर महीने में दक्षिणी रिसॉर्ट द्वीप जेजू के पास एक भीषण कार हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और करीब एक दर्जन लोग घायल हुए थे। उस मामले में 62 वर्षीय व्यक्ति ने रेंटल वैन से पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी थी।

हिरासत में ले लिया गया ड्राइवर

पुलिस ने बताया था कि आरोपी ड्राइवर को हादसे के कुछ घंटों बाद ही हिरासत में ले लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि दुर्घटना के समय चालक शराब के नशे में नहीं था लेकिन अचानक तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के कारण हादसा हुआ।

पश्चिमी सियोल की इस ताजा घटना के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने और सतर्कता बरतने की अपील की है।