

Russia Ukraine War Poland High Alert: रूस ने एक बार फिर अपनी सैन्य आक्रामकता का परिचय देते हुए कीव पर अब तक के सबसे बड़े संयुक्त हवाई हमलों में से एक को अंजाम दिया। इस हमले में रूसी सेना ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन्स का एक साथ बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया, जिसने पूरे शहर की नींव हिलाकर रख दी।
गुरुवार तड़के शुरू हुए इस भीषण हमले के बाद पूरे शहर में 'एयर रेड सायरन' गूंजने लगे और हजारों नागरिक अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों और गहरे भूमिगत बंकरों की ओर शरण लेने को मजबूर हो गए।
रूस के इस हमले का असर केवल यूक्रेन की सीमाओं तक ही सीमित नहीं रहा। पड़ोसी देश और NATO सदस्य पोलैंड ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सक्रिय कर दिया है। पोलिश सेना ने एहतियात के तौर पर अपने F-16 लड़ाकू विमानों को उड़ान भरने के निर्देश दिए और अपने एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम तथा रडार यूनिट्स को 'हाई अलर्ट' पर तैनात कर दिया है। पोलैंड ने बयान जारी कर कहा कि यह कदम यूक्रेन से सटे सीमावर्ती इलाकों और अपने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को के अनुसार, रूसी मिसाइलों और ड्रोन्स ने शहर के कई महत्वपूर्ण और नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। मध्य कीव के प्रसिद्ध शेवचेंको बुलेवार्ड में स्थित एक होटल की ऊपरी मंजिलों में हमले के बाद भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें मीलों दूर से देखी जा सकती थीं।
इसके अलावा, एक नौ मंजिला रिहायशी अपार्टमेंट का एक हिस्सा मिसाइल की चपेट में आकर ढह गया, जिससे कई लोग मलबे के नीचे दब गए। राहत और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया।
रिपोर्ट के अनुसार, एक एंबुलेंस स्टेशन भी इस हमले की चपेट में आया, जहां एक पैरामेडिक गंभीर रूप से घायल हो गया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं, लेकिन मलबे की स्थिति को देखते हुए यह संख्या बढ़ने की प्रबल आशंका है।
इस भयावह हमले की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने खुलासा किया कि उनकी खुफिया एजेंसियों ने पहले ही रूस के इस बड़े हमले की तैयारी को लेकर चेतावनी दे दी थी। इसी गंभीर खतरे को देखते हुए जेलेंस्की ने अपने आयरलैंड दौरे को बीच में ही छोड़ दिया और स्थिति की समीक्षा के लिए तुरंत यूक्रेन लौट आए। उन्होंने बताया कि रूस के ये हमले साबित करते हैं कि क्रेमलिन कूटनीतिक समाधान के बजाय केवल विनाश में विश्वास रखता है।