'हार ऐसी होगी कि समझौते के लिए कोई नहीं बचेगा...भारत आने से पहले यूरोप पर बरसे पुतिन, दी बड़ी धमकी

Russia-Ukraine Peace Deal: रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूरोप को चेतावनी दी कि यदि वे युद्ध चाहते हैं, तो रूस पूरी तैयारी के साथ जवाब देगा, लेकिन उनका कहना है कि उन्हें लड़ाई की इच्छा नहीं है।
putin-warns-europe-you-want-war-russia-ready-to-defeat-european-powers
पुतिन ने यूरोपीय देशों की दी चेतावनी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Putin Warns Europe on Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोप को चेतावनी दी है कि अगर वे युद्ध चाहते हैं तो रूस इसके लिए पूरी तरह तैयार है और उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। पुतिन ने कहा कि यूरोप की हार इतनी निश्चित होगी कि शांति के लिए भी कोई बचा नहीं रहेगा। यह बयान उन्होंने भारत दौरे से पहले मॉस्को में दिया। पुतिन 4 दिसंबर को भारत आने वाले हैं।

पुतिन का यह बयान तब आया जब वो अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर यूक्रेन युद्ध पर बातचीत के लिए मॉस्को में थे। पुतिन ने मॉस्को के इन्वेस्टमेंट फोरम को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें युद्ध की इच्छा नहीं है, लेकिन अगर यूरोप युद्ध शुरू करता है तो रूस तुरंत तैयार है। उन्होंने कहा, युद्ध की ओर यूरोप का कोई भी कदम ऐसी स्थिति पैदा कर सकता है जिसमें बातचीत करने वाला कोई नहीं होगा।

यूरोपीय देशों पर लगाए आरोप

पुतिन ने यूरोप पर शांति प्रस्तावों में बदलाव करने का आरोप लगाया और कहा कि इसमें ऐसी मांगें शामिल थीं जिन्हें रूस कभी स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि इस वजह से पूरी शांति प्रक्रिया बाधित हुई और रूस को दोषी ठहराया गया। उन्होंने दोहराया कि रूस का यूरोप पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन अगर यूरोप युद्ध शुरू करता है तो रूस पूरी तैयारी के साथ जवाब देगा।

पुतिन ने पिछले हफ्ते किर्गिस्तान की यात्रा पर भी यही बात कही थी कि जब तक जेलेंस्की सत्ता में हैं, किसी तरह का शांति समझौता बेकार है। उन्होंने कहा कि यदि यूक्रेनी सेना कब्जे वाले इलाकों को छोड़ देती है तो रूस लड़ाई बंद कर देगा, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता तो रूस सैन्य तरीके से अपना मकसद पूरा करेगा।

पांच घंटे तक चली बैठक

पुतिन ने फोरम के बाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से अलग से मुलाकात की। यह मुलाकात पांच घंटे तक चली। पुतिन के दूत किरिल दिमित्रीव ने इसे ‘उपयोगी’ बताया, जबकि क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उषाकोव ने कहा कि बातचीत ठोस और रचनात्मक रही, लेकिन अभी कोई समझौता नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन और मॉस्को को अभी भी बहुत काम करना है और बातचीत आगे जारी रहेंगी। इस तरह पुतिन ने एक तरफ शांति की इच्छा जताई और दूसरी तरफ स्पष्ट चेतावनी दी कि रूस युद्ध के लिए हमेशा तैयार है।

Navbharat Live
navbharatlive.com