

Putin Condolences UP Storm News In Hindi: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 104 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। इस दुखद घड़ी में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की है। पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक विशेष संवेदना संदेश भेजकर इस आपदा पर गहरा दुख प्रकट किया है।
रूसी राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश में आए इस शक्तिशाली तूफान से हुई मौतों और तबाही पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस आपदा से बड़े पैमाने पर हुई क्षति को लेकर वह दुखी हैं। रूस के विदेश मंत्रालय द्वारा शेयर किए गए संदेश में पुतिन ने उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति जताई है जिन्होंने इस आपदा में अपनों को खोया है। उन्होंने कहा है कि मैं उन सभी के परिवारों और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में अपनी जान गंवाई है। साथ ही, मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
उत्तर प्रदेश के रिलीफ कमिश्नर हरिकेश भास्कर द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को आए इस तूफान ने प्रदेश के लगभग 19 जिलों को अपनी चपेट में लिया। इस आपदा में कुल 104 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 4 लोगों की जान आकाशीय बिजली गिरने की वजह से गई। आंकड़ों के मुताबिक, 52 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
सिर्फ इंसानी जान ही नहीं, बल्कि बेजुबान जानवरों और संपत्तियों को भी भारी क्षति पहुंची है। रिपोर्ट के अनुसार, 130 से अधिक मवेशियों की मौत हुई है और 98 से ज्यादा घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
प्राकृतिक आपदा की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल प्रभाव से कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर जाकर नुकसान का सटीक आकलन करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित परिवारों को बिना किसी देरी के उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही, प्रशासन को हर तीन घंटे में स्थिति की रिपोर्ट मुख्यालय भेजने का आदेश दिया गया है ताकि राहत कार्यों की निगरानी की जा सके।