

Pakistan Fatah 4 Missile Test Range In Hindi: दक्षिण एशिया में हथियारों की होड़ और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान ने गुरुवार, 14 मई 2026 को अपनी स्वदेशी 'फतह-4' (Fatah-4) ग्राउंड-लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है।
यह परीक्षण पाकिस्तान की सैन्य शक्ति, विशेषकर उसकी 'आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड' की क्षमताओं में एक बड़े विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। 750 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली यह मिसाइल भारत के कई शहरों और सैन्य ठिकानों के लिए एक नई चुनौती पेश कर सकती है।
फतह-4 केवल अपनी लंबी दूरी के कारण ही खतरनाक नहीं है बल्कि इसमें इस्तेमाल की गई अत्याधुनिक तकनीक इसे और भी घातक बनाती है। यह मिसाइल 'टेरेन-हगिंग' तकनीक पर आधारित है। जिसका मतलब है कि यह जमीन के बेहद करीब से उड़ती है। कम ऊंचाई पर उड़ने के कारण यह दुश्मन के रडार सिस्टम को आसानी से चकमा दे सकती है, जिससे इसे समय रहते इंटरसेप्ट करना मुश्किल हो जाता है।
पाकिस्तानी सेना के अनुसार, यह मिसाइल एडवांस्ड एवियोनिक्स और आधुनिक नेविगेशन सिस्टम से लैस है, जो इसे 'हाई प्रेसिशन' यानी सटीक निशाना लगाने की क्षमता प्रदान करते हैं। 330 किलोग्राम वजन का वॉरहेड ले जाने में सक्षम यह मिसाइल लंबी दूरी के लक्ष्यों को पूरी सटीकता से ध्वस्त कर सकती है।
फतह-4 पाकिस्तान की 'फतह' सीरीज की लेटेस्ट मिसाइल है। इससे पहले फतह-1 की रेंज 140-150 किमी और फतह-2 की रेंज 290-400 किमी थी। हाल ही में पाकिस्तान ने फतह-3 का भी परीक्षण किया था, जो उसकी बढ़ती मिसाइल क्षमता को दर्शाता है। हालांकि पाकिस्तान इसे पूरी तरह स्वदेशी बताता है लेकिन कई रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तकनीक के विकास में चीन की तकनीकी मदद शामिल हो सकती है।
पाकिस्तान की इस बढ़ती स्ट्राइक क्षमता के जवाब में भारत पहले से ही अपनी रक्षा प्रणाली को मजबूत कर रहा है। भारत के पास S-400 ट्रायम्फ, Akash और Barak-8 जैसी मजबूत मिसाइल डिफेंस प्रणालियां मौजूद हैं। इसके अलावा, भारत की अपनी ब्रह्मोस और अग्नि सीरीज की मिसाइलें पाकिस्तान के किसी भी दुस्साहस का जवाब देने के लिए पर्याप्त हैं। बता दें कि अभी हाल ही में भारत ने अग्नि-5 मिसाइल के एडवांस वर्जन का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। इस मिसाइल की रेंज 5000 KM से भी ज्यादा है। इतना ही नहीं इस मिसाइल में 90 डिग्री तक मुड़ने की अद्भुत क्षमता भी है।
फतह-4 की 750 किलोमीटर की रेंज ने भारतीय सुरक्षा विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। यदि इस मिसाइल को पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों जैसे लाहौर या सियालकोट से लॉन्च किया जाता है तो उत्तर और मध्य भारत के एक बड़े हिस्से पर खतरा मंडरा सकता है।
दिल्ली-NCR: देश की राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद (दूरी करीब 450-550 किमी) इस मिसाइल की सीधी पहुंच के भीतर हैं।
पंजाब और हरियाणा: अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला के साथ-साथ अंबाला, हिसार और सिरसा जैसे प्रमुख शहर निशाने पर आ सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर और राजस्थान: जम्मू, उधमपुर और पठानकोट जैसे सैन्य दृष्टि से संवेदनशील इलाकों के अलावा राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और जोधपुर के हिस्से इसकी रेंज में हैं।
उत्तर प्रदेश: राज्य की राजधानी लखनऊ (करीब 700-750 किमी) के साथ-साथ आगरा और मेरठ भी फतह-4 की मारक सीमा में शामिल हैं।