

Highlights:
पोलैंड में प्रमुख पर्यटन स्थल मेन स्क्वायर में गोलीबारी की घटना में 6 की मौत हुई।
ओखोविएक स्विएंतोक्रिस्की शहर में हमलावर के घर से तीन शव भी मिले।
घायलों में ब्रिटेन, पुर्तगाल, रूस, जर्मनी और ऑस्ट्रिया के पांच विदेशी नागरिक हैं।
Krakow Terror Attack: पोलैंड में दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रभावित 24 वर्षीय एक व्यक्ति ने क्राकोव के व्यस्त इलाके में वाहन से लोगों को टक्कर मारने के बाद गोलीबारी की, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली मारी, जिसमें वह घायल हो गया। इस घटना के बाद पोलैंड में रविवार से दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। पोलैंड के रक्षा मंत्री ने इस हमले को 'आतंकवादी कृत्य' बताया है।
यह घटना शनिवार को देश के दूसरे सबसे बड़े शहर क्राकोव के पुराने शहर के केंद्र में स्थित मेन स्क्वायर में हुई, जो एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। रविवार सुबह तक मृतकों की याद में चौक पर मोमबत्तियां जलाई गई थीं। अधिकारियों की जांच जारी रहने के कारण चौक का कुछ हिस्सा बंद रहा।
अधिकारियों को क्राकोव से करीब 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित ओखोविएक स्विएंतोक्रिस्की शहर में हमलावर के घर से तीन शव भी मिले। पुलिस ने रविवार को बताया कि ये शव हमलावर की बहन, मां और पिता के हैं। पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों की मौत संभवतः गोली लगने से हुई।
मेन स्क्वायर में हुई गोलीबारी में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि मृत महिलाओं में कम से कम तीन पोलैंड की नागरिक थी, जबकि मृतकों में एक ब्रिटिश नागरिक भी शामिल था। हमलावर को रोकने वाले दोनों पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती हैं।
अधिकारियों ने उनकी कार्रवाई को वीरतापूर्ण बताया है। इनमें से एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर है, जिसके बाद अधिकारियों ने रक्तदान करने की अपील की है। घायलों में पांच विदेशी नागरिक हैं, जो ब्रिटेन, पुर्तगाल, रूस, जर्मनी और ऑस्ट्रिया के रहने वाले हैं।
आंतरिक मंत्री मार्सिन किविंस्की ने बताया कि हमलावर के विचार 'बेहद कट्टरपंथी' और 'अतिराष्ट्रवादी' थे। किर्विस्की ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हर संकेत यही बताता है कि वह दक्षिणपंथी विचारधाराओं से प्रभावित था।"
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में लोग मेन स्क्वायर से निकलकर आसपास की संकरी गलियों में शरण लेते दिखाई दे रहे हैं, वीडियो में आपातकालीन सेवाओं के कर्मी घायलों को होश में लाने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में एक पुलिस अधिकारी सड़क पर पड़े हमलावर पर बार-बार गोली चलाता दिखाई देता है।
इसके बाद वह अधिकारी खुद भी धीरे-धीरे जमीन पर गिर जाता है। पोलैंड में सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं असामान्य है। करीब तीन करोड़ 70 लाख की आबादी वाले पोलैंड में लगभग चार लाख 11 हजार लोगों के पास बंदूक रखने का परमिट है और वहां बंदूक रखने के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही है।