स्लोवाकिया ने PM Modi को अपने सर्वोच्च राजकीय सम्मान से नवाजा, अब तक 33 देशों से मिल चुके हैं अवॉर्ड

PM Modi Slovakia Visit: पीएम मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च राजकीय सम्मान से नवाजा गया है। द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत-स्लोवाकिया के बीच 11 महत्वपूर्ण समझौते भी हुए।
Slovakia conferred its highest state honor upon PM Modi; he has received awards from 33 countries so far.
पीएम मोदी को मिला स्लोवाकिया का सर्वोच्च सम्मान, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

PM Modi Slovakia Highest State Honor: स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान, 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस' (प्रथम श्रेणी) से सम्मानित किया है। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिन ने स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को इस प्रतिष्ठित पदक से नवाजा। विशेष बात यह है कि नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं।

क्या है 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस' सम्मान?

यह सम्मान स्लोवाकिया गणराज्य द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक और राजकीय पुरस्कार है। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति इसे उन विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को प्रदान करते हैं जिन्होंने स्लोवाकिया गणराज्य के साथ संबंधों के विकास और मित्र देशों के साथ असाधारण योगदान दिया हो। इस पुरस्कार के साथ ही पीएम मोदी अब तक दुनिया के 33 अलग-अलग देशों से सर्वोच्च राजकीय सम्मान प्राप्त करने वाले भारतीय नेता बन गए हैं।

पीएम मोदी ने 1.4 अरब भारतीयों को समर्पित किया सम्मान

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे भारत के नागरिकों के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि आज रात ब्रातिस्लावा में मुझे यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं इस पुरस्कार के लिए स्लोवाकिया के नागरिकों और वहां की सरकार का आभारी हूं। यह सम्मान मेरा अकेले का नहीं, बल्कि भारत के सभी 1.4 अरब निवासियों का है। उन्होंने आगे कहा कि वह इस सम्मान को भारत और स्लोवाकिया के बीच की 'अटूट मित्रता' को समर्पित करते हैं।

भारत-स्लोवाकिया के बीच 11 महत्वपूर्ण समझौते

सम्मान समारोह के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस वार्ता के दौरान दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को 'व्यापक साझेदारी' के स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कुल 11 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौते मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों पर केंद्रित हैं:

  • रक्षा सहयोग और तकनीक हस्तांतरण।
  • डिजिटल टेक्नोलॉजी और इनोवेशन।
  • इमिग्रेशन और प्रवासन नीतियां।
  • द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक विकास।

साझा भविष्य और आर्थिक सहयोग पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने साझा प्रेस वार्ता में कहा कि यह व्यापक साझेदारी दोनों देशों की साझा प्राथमिकताओं और साझा भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य मौजूदा सहयोग तंत्रों को मजबूत करना और बहुपक्षीय स्तरों पर नए रास्तों की तलाश करना है। इसके अतिरिक्त, दोनों नेता भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में तेजी से काम करने पर भी सहमत हुए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com