

Nagpur Event Rural Development: नागपुर महाराष्ट्र के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री रणजीत देशमुख के 80वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में 'आरडी फाउंडेशन' द्वारा आयोजित 'रणजीत बाबू देशमुख ग्राम विकास पुरस्कार-2026' वितरण समारोह संपन्न हुआ। ग्रामीण विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 9 ग्राम पंचायतों और संस्थाओं को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों यह पुरस्कार और 1,00,000 का चेक देकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जयकुमार गोरे ने की। इस अवसर पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री रणजीत देशमुख प्रमुख रूप से उपस्थित थे। रणजीत देशमुख और पत्नी रूपा देशमुख को मुख्यमंत्री द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
के अध्यक्ष विधायक आशीष देशमुख ने प्रास्ताविक भाषण में पुरस्कार को अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि रणजीत देशमुख ने हमेशा गांवों के विकास को राज्य की प्रगति का आधार माना। इसी दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर ग्रामीण भारत में जमीनी स्तर पर बदलाव लाने वाले निस्वार्थ लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस पुरस्कार की शुरुआत की गई है, ताकि अन्य गांवों को भी इससे प्रेरणा मिले। समारोह में आयुश्री देशमुख, गिरीश गांधी, अशोक धोटे, सुनीता गावंडे, संध्या गोतमारे, निशा सावरकर उपस्थित थीं। संचालन डॉ. विजय धोटे ने किया और आभार प्रदर्शन अशोक धोटे द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सहित नागरिक उपस्थित थे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अनूठे प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि गांवों का विकास ही राष्ट्र की प्रगति का केंद्र बिंदु है। जब तक हमारा ग्रामीण विकास मजबूत नहीं होगा, देश सक्षम नहीं बन सकता, रणजीत देशमुख ने ग्रामीण विकास के लिए जो योगदान दिया है वह बेहद प्रेरणादायी है।
आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल से किसान प्रगति कर रहे हैं। ऐसे में यह पुरस्कार ग्रामीण क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से काम करने वाले कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायतों और संस्थाओं को नई ऊर्जा देगा। जनभागीदारी ही ग्राम विकास की आत्मा है और पुरस्कार विजेता गांवों ने इसे साबित करके दिखाया है।