उत्तर कोरिया का 'मिसाइल प्रहार'! दक्षिण कोरिया की दोस्ती को बताया 'मूर्खता', दागीं कई बैलिस्टिक मिसाइलें

North Korea Fires Ballistic Missiles: उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के साथ संबंधों में सुधार की उम्मीदों को दरकिनार करते हुए समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
North Korea's 'Missile Strike'! Labels South Korea's Friendship 'Folly', Fires Multiple Ballistic Missiles
सांकेतिक एआई डिजाइन फोटो
Updated on

North Korea Fires Ballistic Missiles Latest News: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अब पूर्वी एशिया में भी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उत्तर कोरिया ने बुधवार सुबह अपने पूर्वी तटीय क्षेत्र 'वॉनसन' (Wonsan) से समुद्र की ओर कई कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

दक्षिण कोरियाई सैन्य अधिकारियों के अनुसार, इन मिसाइलों ने लगभग 240 किलोमीटर (150 मील) की दूरी तय की। इसके कुछ ही घंटों बाद एक और मिसाइल दागी गई जिसने 700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की और जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर गिरी।

सियोल के प्रति तीखी बयानबाजी

यह मिसाइल परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब कुछ ही घंटों पहले उत्तर कोरिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दक्षिण कोरिया की शांति की उम्मीदों का मजाक उड़ाया था। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के पहले उप मंत्री 'जांग कुम चोल' ने स्पष्ट रूप से कहा कि दक्षिण कोरिया हमेशा उत्तर कोरिया का 'सबसे शत्रुतापूर्ण दुश्मन देश' रहेगा। उन्होंने सियोल को 'दुनिया को चौंका देना वाला मूर्ख' (world-startling fools) बताते हुए उनके शांति प्रयासों की कड़ी आलोचना की। यह तीखी प्रतिक्रिया दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने संबंधों में सुधार की उम्मीद जताई थी। उत्तर कोरिया ने सियोल को 'पड़ोसी कुत्तों की धुन पर भौंकने वाले कुत्ते' तक कह डाला, जो मानवाधिकारों के उल्लंघन पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव का समर्थन कर रहे हैं।

लगातार हो रहा परीक्षण

दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि बुधवार के सफल परीक्षणों से पहले मंगलवार को भी प्योंगयांग के पास से एक अज्ञात मिसाइल दागी गई थी, जो शुरुआती चरण में ही विफल हो गई और रडार से गायब हो गई। लगातार दो दिनों में किए गए ये परीक्षण उत्तर कोरिया की अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने की बढ़ती हताशा को दर्शाते हैं। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने हाल ही में हथियारों के लिए एक उन्नत 'सॉलिड-फ्यूल इंजन' (Solid-fuel engine) के परीक्षण का निरीक्षण किया है, जिसे रणनीतिक सैन्य शस्त्रागार के लिए एक महत्वपूर्ण विकास बताया गया है।

चीन और रूस का साथ

साल 2019 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वार्ता विफल होने के बाद से उत्तर कोरिया ने परमाणु हथियारों के विस्तार पर जोर दिया है। अब वह अमेरिका के साथ सीधे संवाद के बजाय रूस और चीन जैसे देशों के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। इसी कड़ी में चीनी विदेश मंत्री वांग यी के गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तर कोरिया पहुंचने की खबर है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकियों का संकेत है।

विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया अब ऐसे मल्टी-वॉरहेड मिसाइल विकसित करना चाहता है जो अमेरिकी मिसाइल डिफेंस सिस्टम को भेद सकें। फिलहाल, अमेरिकी इंडो-पैसिफिक कमांड ने कहा है कि इन परीक्षणों से अमेरिकी नागरिकों या उनके सहयोगियों को तत्काल कोई खतरा नहीं है।

Navbharat Live
navbharatlive.com