

Highlights
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने फ्लाईदुबई की घटना की जांच के लिए केस दर्ज किया
विमान में मौजूद गवाहों का बयान दर्ज किया जाएगा
एजेंसी ने ओमानी को पायलट को मामले में आरोपी बनाया
30 सितंबर को इजराइल जा रही फ्लाइट को हाईजैक करने की कोशिश हुई थी
NIA Register FIR Flydubai Incident: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने फ्लाईदुबई घटना मामले में जांच के लिए केस दर्ज किया है। दरअसल 30 सितंबर को इजराइल जाने वाली फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट को हवा में ही हाईजैक करने की कोशिश की गई थी और उसे क्रैश करने का प्लान था। इस दौरान को पायलट ने भारतीय पायलट, कैप्टन स्मित मच्छार पर गंभीर हमला कर दिया। इस हमले के मामले में एनआईए ने केस दर्ज किया है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एंटी-हाइजैकिंग एक्ट की धारा 3 और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) एक्ट की धारा के साथ केस दर्ज की है। FIR में कैप्टन मच्छार पर हमला करने वाले आरोपी की पहचान फ्लाईदुबई की फ्लाइट नंबर 1073 के ओमान के फर्स्ट ऑफिसर के तौर पर की गई है।
घटनाक्रम के बारे में बताते हुए FIR में कहा गया है कि ओमान के को-पायलट ने कैप्टन मच्छर पर चाकू से हमला किया। ऐसा लगता है कि वह विमान को हाईजैक करने या उसे क्रैश करने की कोशिश कर रहा था।
आतंकी प्रयास में पालयट मच्छार के सिर और हाथों पर गहरे घाव हुए। यह घटना जॉर्डन-सऊदी अरब बॉर्डर के पास सऊदी अरब के एयरस्पेस में हुई।
सरकार ने इस हमले के गंभीर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय असर और किसी संभावित "बड़ी साजिश" की जांच की जरूरत को देखते हुए केस दर्ज किया है। NIA इस पूरे मामले की गहन जांच करेगी।
जांच के दौरान एनआईए चश्मदीदों के बयान दर्ज कर सकती है। आरोपी के बयानों की जांच कर सकती है और घटनाओं का क्रम पता लगाने के लिए फ्लाइट डेटा का विश्लेषण कर सकती है।
केंद्र सरकार को मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाईदुबई की फ्लाइट 30 सितंबर को सुबह 7.05 बजे दुबई से 174 यात्रियों और छह क्रू सदस्यों के साथ रवाना हुई थी। सुबह करीब 9.21 बजे, जॉर्डन-सऊदी अरब सीमा के पास उड़ते समय विमान के तेजी से नीचे आने और सऊदी हवाई क्षेत्र में वापस मुड़ने की खबर आई।
घटना के बारे में यात्रियों ने बताया कि फर्स्ट ऑफिसर ने कैप्टन मच्छर पर चाकू से हमला किया, लेकिन यात्रियों और क्रू सदस्यों ने उसे काबू में कर लिया। इसके बाद, विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने सुबह लगभग 10:45 बजे उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक में प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारा।
बाद में सऊदी अधिकारियों ने फर्स्ट ऑफिसर को अरेस्ट कर लिया। पायलट स्मित मच्छार की सेहत फिलहाल ठीक हो रही है। जांच एजेंसी उनसे भी सहयोग लेगी।