

Donald Trump On Flydubai Incident: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार तेल अवीव फ्लाइट हादसे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उनका "व्यक्तिगत" रूप से मानना है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमान के एक को-पायलट द्वारा किए गए आतंकवादी हमले के लिए ईरान जिम्मेदार था। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि फ्लाईदुबई की उड़ान पर हुए हमले के लिए ईरान जिम्मेदार है, तो ट्रंप ने कहा, "हां, मेरा व्यक्तिगत रूप से यही मानना है।" वे व्हाइट हाउस परिसर में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बयान 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हवा में ही विमान को हाईजैक करने और क्रैश करने की नाकाम कोशिश के बाद आया है, जब ओमान के को-पायलट हमम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के अंदर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया था। ओमानी को-पायलट ने प्लेन को नीचे गिराने की कोशिश में कैप्टन मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला किया।
अटैक होने के बाद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे यात्री और ड्यूटी पर न होने वाले क्रू मेंबर अंदर आ सके और हमलावर को काबू में कर सके। इस हाथापाई के कारण प्लेन तेज़ी से नीचे गिरने लगा। हाईजैकिंग का सिग्नल भेजे जाने से पहले प्लेन दो मिनट में लगभग 16,000 फ़ीट नीचे आ गया। इसके बाद प्लेन का रास्ता बदला गया और उसने सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग की, जिसमें सवार सभी 180 लोग बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकल आए।
इजराइल की मीडिया रिपोर्ट में रविवार को दावा करते हुए कहा गया है कि अल-हम्ममी ने प्लेन को इजराइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट की ओर ले जाने की योजना बनाई थी। ओमानी को-पायलट को हिरासत में ले लिया गया है और संयुक्त अरब अमीरात में उससे पूछताछ की जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल-हम्मामी ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसकी योजना कैप्टन मच्छर को बेअसर करने के बाद फ्लाइट को सामान्य रूप से उड़ाने, ज़रूरी लैंडिंग मंजूरी लेने और फिर विमान को एयरपोर्ट की किसी इमारत या खड़े विमान से टकराकर क्रैश करने की थी। कैप्टन मच्छर के बुरी तरह घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने में कामयाब रहने के बाद इस हमले को नाकाम कर दिया गया।