बालेंद्र शाह ने श्रम मंत्री दिलीप कुमार साह को हटाया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Nepal Balendra Shah Removed Labour Minister Dilip Kumar Sah: नेपाल (Nepal) के नए और युवा प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन) ने पद संभालते ही सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कार्यभार संभालने के महज 15 दिनों के भीतर ही अपने एक मंत्री को पद से हटा दिया, जिससे साफ संकेत मिलता है कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने जा रही है।
नेपाल में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, श्रम, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा मंत्री दीप कुमार साह को उनके पद से हटा दिया गया। यह कार्रवाई सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) की सिफारिश पर की गई। पार्टी प्रमुख रवि लामिछाने ने खुद प्रधानमंत्री से मंत्री साह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
दीप कुमार साह पर आरोप था कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपनी पत्नी को लाभ पहुंचाने की कोशिश की। बताया गया कि उनकी पत्नी का कार्यकाल समाप्त हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्वास्थ्य बीमा बोर्ड का सदस्य दोबारा नियुक्त कराने में साह की भूमिका रही। इस मामले को गंभीर अनियमितता और हितों के टकराव के रूप में देखा गया।
प्रधानमंत्री के प्रेस सलाहकार दीपा दहल के मुताबिक, RSP के केंद्रीय अनुशासन आयोग ने इस मामले की समीक्षा के बाद मंत्री साह को हटाने की सिफारिश की थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई। फिलहाल, श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने खुद अपने पास रखी है।
इस घटनाक्रम के साथ ही एक अन्य मंत्री पर भी कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री निशा मेहता को इस मामले में लापरवाही बरतने के लिए चेतावनी दी गई है। आरोप है कि उन्होंने इस नियुक्ति विवाद को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते उन्हें आधिकारिक रूप से सचेत किया गया।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान नहीं पहुंचा ईरानी प्रतिनिधि मंडल, क्या रद्द हो जाएगा सीजफायर! शहबाज-मुनीर की बेइज्जती तय
बालेंद्र शाह, जिन्हें ‘बालेन’ के नाम से भी जाना जाता है, पहले एक रैपर के रूप में लोकप्रिय थे और बाद में राजनीति में आए। उनकी पार्टी RSP ने हाल ही में हुए चुनावों में बड़ी जीत दर्ज कर सत्ता हासिल की है। यह चुनाव नेपाल (Nepal) में हुए ‘Gen Z’ विरोध प्रदर्शनों के बाद कराए गए थे, जिनमें पारंपरिक राजनीतिक दलों को करारी हार का सामना करना पड़ा।