बालेन शाह के बयान से बढ़ा विवाद! अब दिल्ली आ रहे RSP चीफ रवि लामिछाने; भारत-नेपाल संबंधों पर क्या होगा असर?

Rabi Lamichhane Delhi Visit: नेपाल के पीएम बालेन शाह के 'जमीन कब्जे' वाले विवादित बयान के बाद हड़कंप मच गया है। इस बीच, सत्ताधारी दल के अध्यक्ष रवि लामिछाने कूटनीतिक दौरे पर आज दिल्ली पहुंच रहे हैं।
Balen Shah's statement sparks controversy! RSP chief Ravi Lamichhane is now visiting Delhi; what will be the impact on India-Nepal relations?
रवि लामिछाने, फोटो ( सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rabi Lamichhane Delhi Visit After Balen Shah Controversial Statement: पड़ोसी देश नेपाल की राजनीति में एक बार फिर भारत को लेकर दिए गए बयानों ने उबाल ला दिया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संसद में अपने पहले ही संबोधन में भारतीय सीमा को लेकर एक ऐसा दावा किया है, जिससे काठमांडू से लेकर दिल्ली तक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इस कूटनीतिक गहमागहमी के बीच नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रवि लामिछाने आज, 1 जून को भारत की पांच दिवसीय महत्वपूर्ण यात्रा पर दिल्ली पहुंच रहे हैं।

बालेन शाह के बयान से मचा हड़कंप

प्रधानमंत्री के रूप में संसद में दिए गए अपने पहले भाषण में बालेन शाह ने सीमा विवाद पर चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर भारत पर अतिक्रमण के आरोप लगते हैं, लेकिन उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि केवल भारत ने ही नहीं, बल्कि नेपाल ने भी भारतीय जमीन का अतिक्रमण किया है। शाह ने आगे सुझाव दिया कि दोनों देशों को एक साथ बैठकर मित्रतापूर्ण तरीके से इन मुद्दों का समाधान निकालना चाहिए। हालांकि, प्रधानमंत्री के इस बयान ने खुद नेपाल के भीतर ही विरोध की आग भड़का दी है। नेपाली कांग्रेस और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (UML) जैसे प्रमुख विपक्षी दलों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। विपक्ष का कहना है कि प्रधानमंत्री को इस तरह के गंभीर दावे के लिए संसद में सबूत पेश करने चाहिए अन्यथा उन्हें अपना बयान वापस लेना चाहिए। विपक्षी नेताओं ने इस बयान को संसद के रिकॉर्ड से हटाने की मांग भी की है।

रवि लामिछाने का पांच दिवसीय दिल्ली दौरा

बालेन शाह के नेतृत्व वाली नई सरकार के गठन के बाद सत्ताधारी गठबंधन के किसी वरिष्ठ नेता की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा है। रवि लामिछाने भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन नवीन के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी निकिता पौडेल, पार्टी के महासचिव बिपिन आचार्य और सांसद दीपक बोहरा समेत एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है।

दौरे के क्या है मायने?

नई दिल्ली में अपने प्रवास के दौरान रवि लामिछाने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ औपचारिक मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, लामिछाने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी बैठक करने की कोशिश में हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वे बीजेपी मुख्यालय का दौरा भी करेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com