केपी शर्मा ओली (सोर्स- सोशल मीडिया)
KP Sharma Oli Hospitalized: नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को दिल की धड़कन तेज होने की शिकायत के बाद त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। केपी शर्मा ओली को बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी पिछले साल सितंबर को जेनजी आंदोलन के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में हुई प्रदर्शनकारियों की मौतों के मामले में हुई है। साथ ही गृह मंत्री रमेश लेखक को भी गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद नेपाल के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला।
अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया कि ओली का पहले किडनी ट्रांसप्लांट हो चुका है। इसके अलावा उन्हें हाइड्रोनेफ्रोसिस, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हाइपोथायरॉयडिज्म, एट्रियल फिब्रिलेशन और गॉलस्टोन जैसी कई स्वास्थ्य समस्याएं भी हैं।
Nepal | Former Prime Minister and Chairman of Nepal Communist Party (UML) KP Sharma Oli was admitted to TU Teaching Hospital with complaints of palpitations. He is a post-renal transplant patient with Hydronephrosis, Diabetes mellitus, hypertension, hypothyroidism, Atrial… pic.twitter.com/jSNYHaZabG — ANI (@ANI) March 29, 2026
दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री के.पी शर्मा ओली की गिरफ्तारी का मामला जेनजी प्रोटेस्ट के दौरान कथित दमनात्मक कार्रवाई से जुड़ा हुआ है। उस समय केपी शर्मा ओली प्रधानमंत्री थे जबकि रमेश लेखक गृह मंत्री के पद पर थे। आंदोलन के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल उठे थे और मानवाधिकार उल्लंघन व अत्यधिक बल प्रयोग के आरोप लगाए गए थे।
इन आरोपों की जांच के लिए सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने एक जांच आयोग गठित किया था। आयोग ने अपनी रिपोर्ट में ओली और लेखक सहित कई अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसी आधार पर गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए और शनिवार सुबह दोनों नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
यह भी पढें: बंगाल चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 284 उम्मीदवारों की लिस्ट, ममता के खिलाफ इस दिग्गज को मैदान में उतारा
अदालत में रविवार को पेशी के दौरान रमेश लेखक खुद उपस्थित हुए, जबकि स्वास्थ्य कारणों से केपी शर्मा ओली अस्पताल से वर्चुअली पेश हुए. अदालत ने दोनों को पुलिस हिरासत में भेजते हुए जांच एजेंसियों को पूछताछ जारी रखने की अनुमति दी है।