

Congress Candidate List Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट से प्रदीप प्रसाद को उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बनाने की कोशिश की है। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी खुद चुनावी मैदान में उतरकर पार्टी की वापसी की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह बहरामपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा, पूर्व सांसद मौसम नूर को मालतीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 294 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है और पार्टी ने एक ही बार में 284 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
कांग्रेस ने दार्जिलिंग से माधव राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, दमदम से सुष्मिता बिस्वास, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी और आसनसोल उत्तर से प्रसेनजीत पुइतांडी को भी मैदान में उतारा है। पार्टी मुर्शिदाबाद व मालदा जैसे अपने पारंपरिक गढ़ों पर खास फोकस कर रही है। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को उनके पारंपरिक बहरामपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने बंगाल चुनाव के लिए पार्टी के कैंडिडेट्स के चयन को लेकर शनिवार को बैठक की। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल और पश्चिम बंगाल के नेता शामिल हुए। पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और सीईसी सदस्य अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री, सलमान खुर्शीद, टीएस सिंहदेव, पीएल पुनिया और कुछ अन्य नेता भी बैठक में शामिल थे।
कांग्रेस का यह उम्मीदवार चयन खासतौर पर मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है जहां पार्टी परंपरागत रूप से मजबूत रही है। कांग्रेस इन क्षेत्रों में प्रभावशाली चेहरों को मैदान में उतारकर चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है।