किम जोंग उन के बाद कौन? तानाशाह ने चुन लिया अपना वारिस, दक्षिण कोरियाई एजेंसी का बड़ा दावा

Kim Jong Un: उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन ने किम जू ऐ को अपना उत्तराधिकारी चुन लिया है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी NIS ने इसका दावा किया है। आइए जानते हैं आखिर किम जू ऐ कौन है।
Who will succeed Kim Jong Un? The dictator has chosen his successor, a South Korean intelligence agency makes a significant claim.
किम जोंग उन और उनके साथ बेटी किम जू ऐ, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Kim Jong Un Daughter Successor: दुनिया के सबसे रहस्यमयी देशों में शुमार उत्तर कोरिया से एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जो अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा सकती है। जानकारी के अनुसार, उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अपने उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान कर दिया है।

दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (NIS) ने दावा किया है कि किम जोंग ने अपनी नाबालिग बेटी किम जू ऐ को अपना अगला वारिस चुन लिया है जो उनके बाद उत्तर कोरिया की सत्ता संभालेंगी।

इकलौती संतान हैं किम जू ऐ?

किम जू ऐ, किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल जू की इकलौती संतान हैं। माना जाता है कि उनकी उम्र अभी मात्र 13 साल है। हालांकि किम जू ऐ के बारे में सार्वजनिक तौर पर बहुत कम जानकारियां उपलब्ध हैं लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी बढ़ती सक्रियता ने इन दावों को मजबूती दी है। उन्होंने साल 2022 में पहली बार सरकारी टेलीविजन पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, जब उन्हें किम जोंग के साथ एक बैलिस्टिक मिसाइल का निरीक्षण करते हुए देखा गया था।

दावे का क्या है आधार

दक्षिण कोरियाई खुफिया एजेंसी NIS ने इस दावे का आंकलन करने के लिए कई परिस्थितियों को आधार बनाया है। हाल ही में किम जू ऐ को किम जोंग की बीजिंग यात्रा के दौरान उनके साथ देखा गया था। जानकारी के अनुसार, उनकी पहली विदेश यात्रा थी। आधिकारिक कार्यक्रमों में उनकी बढ़ती सार्वजनिक उपस्थिति इस बात का संकेत है कि उन्हें भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार किया जा रहा है। दक्षिण कोरियाई सांसदों को दी गई ब्रीफिंग में बताया गया कि किम जोंग उन के व्यवहार और प्रोटोकॉल में आए बदलावों से यह स्पष्ट होता है कि वे अपनी बेटी को सत्ता के अगले केंद्र के रूप में देख रहे हैं।

उत्तराधिकार की जंग

एक ओर जहां किम जू ऐ को दुनिया के सामने पेश किया जा रहा है वहीं किम जोंग के परिवार से जुड़ा एक और रहस्य बरकरार है। NIS का मानना है कि किम जोंग उन का एक बड़ा बेटा भी है। हालांकि, इस बेटे को न तो कभी दुनिया के सामने स्वीकार किया गया है और न ही उत्तर कोरियाई मीडिया में उसे कभी दिखाया गया है। ऐसे में एक नाबालिग बेटी को वारिस चुनना उत्तर कोरिया की पारंपरिक सत्ता संरचना में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

फरवरी का पार्टी सम्मेलन

दुनिया भर की खुफिया एजेंसियों की नजरें अब फरवरी के आखिर में होने वाले उत्तर कोरिया के पार्टी सम्मेलन पर टिकी हैं। यह सम्मेलन हर पांच साल में एक बार आयोजित होने वाला उत्तर कोरिया का सबसे बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम है। इस मंच से देश की अगले पांच वर्षों की विदेश नीति, परमाणु महत्वाकांक्षाओं और युद्ध योजनाओं की जानकारी मिलती है। यदि किम जू ऐ इस सम्मेलन के मंच पर प्रमुखता से दिखाई देती हैं तो उनके उत्तराधिकार की पुष्टि पर अंतिम मुहर लग सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com