

Japan Rain Disaster Warning: जापान के इशिकावा और तोयामा प्रांतों में आज हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस मूसलाधार बारिश के चलते कई मुख्य सड़कों को बंद करना पड़ा है और बाढ़ के पानी से लोग अपने घरों तथा वाहनों में फंस गए हैं।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने दोनों प्रभावित प्रांतों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के लिए 'लेवल-5' की चेतावनी जारी कर दी है। इसके साथ ही प्रशासन ने लोगों से संभावित बाढ़ और भीषण भूस्खलन से बचाव के लिए हर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की अपील की है।
आज मूसलाधार बारिश थोड़ी कम हुई, जिसके बाद मौसम विज्ञान एजेंसी ने भारी बारिश की चेतावनी को घटा दिया है। इसके बाद इस चेतावनी को मध्यम स्तर का कर दिया गया है, लेकिन शुक्रवार सुबह तक और बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
एजेंसी ने लोगों को विशेष रूप से आगाह किया है कि पर्वतीय इलाकों में और बारिश होने के साथ-साथ भूस्खलन की गंभीर आशंका है। प्रशासन ने शुक्रवार सुबह तक कागा और नोटो इलाकों में करीब 20 सेंटीमीटर (7.8 इंच) तक और बारिश होने का नया अनुमान जताया है।
दोनों प्रभावित प्रांतों के स्थानीय प्रशासन ने 3.80 लाख से अधिक लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। सार्वजनिक प्रसारक एनएचके पर दिखाए गए दृश्यों में हिमी शहर में फंसे लोगों को नावों से सुरक्षित बाहर निकालते हुए दिखाया गया।
राहतकर्मी घुटनों तक भरे बाढ़ के पानी में उतरकर लोगों के घरों तक पहुंचे और फंसे हुए नागरिकों को रबर की बोट से बचाया है। इसके अलावा सड़कों पर पानी भरने से कई गाड़ियां बंद हो गई थीं, जिन्हें लोग उसी बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में लावारिस छोड़ गए।
इशिकावा प्रांत में भीषण भूस्खलन के कारण मुख्य सड़कें बंद हो गईं और बाढ़ के पानी से तीन नगरपालिकाओं का संपर्क टूट गया। इसके कारण लगभग 270 घरों का संपर्क बाकी इलाकों से पूरी तरह कट गया, लेकिन राहत की बात है कि कोई दुर्घटना नहीं हुई।
मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने बताया कि नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई रिहायशी घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। होकुरिकु इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के अनुसार, खराब मौसम से तोयामा और इशिकावा में 1,000 से अधिक घरों की बत्ती गुल हो गई है।