'अमेरिकी सैनिकों को आग के हवाले कर देंगे', जमीनी कार्रवाई की आशंका के बीच ईरान ने ट्रंप को दी बड़ी धमकी

US-Iran War: ईरान ने अमेरिका को पश्चिम एशिया में जमीनी हमले पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। 3,000 से अधिक मौतों और भारी सैन्य तैनाती के बीच क्षेत्र में युद्ध निर्णायक मोड़ पर है।
Iran Warns US on Ground Invasion
ईरान ने अमेरिका को जमीनी कार्रवाई पर धमकी दी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Iran Warns US on Ground Invasion: ईरान के एक शीर्ष अधिकारी ने अमेरिका को पश्चिम एशिया में जमीनी आक्रमण के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है। ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने कहा कि अमेरिकी सैनिकों को "आग के हवाले कर दिया जाएगा।" यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान में क्षेत्रीय विदेश मंत्री युद्ध को समाप्त करने के लिए बैठक कर रहे थे।

पाकिस्तान ने बताया कि सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के विदेश मंत्री अमेरिका और इजराइल की भागीदारी के बिना बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, प्रगति के संकेत कम ही मिले क्योंकि अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले जारी रखे। ईरान ने भी पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन से जवाबी हमले किए।

निर्णायक मोड़ पर पहुंचा युद्ध

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि युद्ध अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकता है, जबकि ईरानी नेता सार्वजनिक रूप से बातचीत को लगातार नकार रहे हैं। अमेरिका ने लगभग 2,500 मरीन और 1,000 पैराट्रूपर्स पश्चिम एशिया भेजे हैं, जो पिछले दो दशकों में क्षेत्र में सबसे बड़ी अमेरिकी सैन्य तैनाती है। पैराट्रूपर्स दुश्मन के इलाके में महत्वपूर्ण ठिकानों और हवाई पट्टियों को सुरक्षित करने में सक्षम हैं।

अमेरिकी यूनिवर्सिटीज को ईरान की धमकी

इसी बीच, ईरान ने पहली बार क्षेत्र में अमेरिकी और इजरायली यूनिवर्सिटीज को निशाना बनाने की धमकी दी। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि अगर अमेरिका ईरानी यूनिवर्सिटीज की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करता और हमलों की निंदा नहीं करता, तो क्षेत्र में अमेरिकी और इजरायली संस्थानों को सीधे निशाना बनाया जाएगा।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी और इजरायली यूनिवर्सिटीज से जुड़े छात्रों और कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए यूनिवर्सिटीज कैंपस से कम से कम एक किलोमीटर दूर रहें। साथ ही, IRGC ने अमेरिका को 30 मार्च 2026 दोपहर 12 बजे तक का समय देते हुए कहा है कि यदि उसने ईरानी यूनिवर्सिटीज पर हुए हमलों की निंदा नहीं की, तो ईरान की खाड़ी में स्थित अमेरिकी शिक्षण संस्थानों को प्रभावित कर सकता है।

अब तक 3,000 से अधिक लोगों की मौत

अब तक इस संघर्ष में 3,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। अमेरिका ने कहा कि उसने ईरान के 11,000 से अधिक ठिकानों पर हमले किए हैं। ताजा घटनाओं में ईरान ने रविवार तड़के इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं, जिनमें कई मिसाइलें खाड़ी देशों की वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com