अबू धाबी में ईरानी हमले का वीडियो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Israel-Iran War: संयुक्त अरब अमीरात पर ईरान के भीषण हमलों का खुलासा हुआ है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 28 फरवरी से अब तक ईरान ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलें, 541 ड्रोन और दो क्रूज मिसाइलें दागी हैं। यूएई की मुस्तैद वायु रक्षा प्रणाली ने इनमें से अधिकांश को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। इसके बावजूद, इन हमलों की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई और 58 लोग घायल हुए हैं।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यूएई पर 165 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया। देश की वायु रक्षा प्रणाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 152 मिसाइलों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। बाकी बची 13 मिसाइलें सीधे समुद्र में जा गिरीं। इसके अलावा, मंत्रालय ने बताया कि ईरान द्वारा दागी गई दोनों क्रूज मिसाइलों का भी समय रहते पता लगाकर उन्हें हवा में ही रोक लिया गया।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सबसे बड़े हमले में 541 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। यूएई के सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए 506 ड्रोनों को मार गिराया। बाकी बचे 35 ड्रोन यूएई की सीमा के भीतर गिरे, जिसके कारण इमारतों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। बयान के अनुसार, इन घातक हमलों की चपेट में आने से नेपाल, पाकिस्तान और बांग्लादेश के तीन नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। अबू धाबी में ईरानी हमले का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है।।
Iranian Shahed 136 drones hitting the French naval base in Abu Dhabi. pic.twitter.com/7mghknom9S — WarMonitor🇺🇦🇬🇧 (@WarMonitor3) March 1, 2026
इन हमलों में 58 लोग घायल हुए हैं, जिनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, मिस्र और इथियोपिया के नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक, यह आंकड़ा 28 फरवरी से अब तक का है। आज सुबह यूएई ने 20 बैलिस्टिक मिसाइलों (8 समुद्र में गिरीं), दो क्रूज मिसाइलों और 311 ड्रोनों को नष्ट किया। कुल 21 ड्रोन हमलों के जरिए सीधे तौर पर नागरिक ठिकानों को ही निशाना बनाया गया था।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों को विफल करने में देश की वायु सेना और वायु रक्षा बलों ने बेहतरीन क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा हवा में ही मिसाइलों और ड्रोनों को नष्ट किए जाने के कारण कुछ क्षेत्रों में मलबा गिरा। इस मलबे के गिरने की वजह से लोगों की नागरिक संपत्तियों को मामूली से लेकर मध्यम स्तर तक का नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: खामेनेई के बाद अहमदीनेजाद का भी खात्मा, इजरायली अटैक में पूर्व राष्ट्रपति की मौत, देखें- हमले का खौफनाक VIDEO
यूएई ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी बाहरी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है। देश के नागरिकों, निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, जिससे कोई समझौता नहीं होगा। मंत्रालय ने आम जनता से विशेष अपील की है कि वे सिर्फ आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और झूठी अफवाहों या अपुष्ट खबरों को फैलाने से पूरी तरह बचें।