ट्रंप के लिए मुसीबत...तो ईरान के लिए खजाना भरने का जरिया बना युद्ध, हर दिन 1300 करोड़ कमा रहा तेहरान- रिपोर्ट

Iran Oil Export: अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच ईरान ने तेल बेचकर अरबों की कमाई की है। होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण और तेल की बढ़ती कीमतों ने ईरानी अर्थव्यवस्था को बड़ी संजीवनी दी है।
Iran Oil Sales
युद्ध के बीच तेल बेचकर करोड़ों की कमाई कर रहा ईरान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

US Israel War Against Iran: अमेरिका और इजरायल के युद्ध ने ईरान के लिए आर्थिक अवसर पैदा कर दिया है। मिडिल ईस्ट में संघर्ष शुरू होने के बाद, ईरान ने तेल बेचकर संभवतः हजारों करोड़ रुपए की अतिरिक्त कमाई की है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इसका मुख्य कारण यह है कि ईरान अब एकमात्र बड़ा निर्यातक देश बन गया है जो होर्मुज स्ट्रेट से अपने तेल का निर्यात कर पा रहा है। यह जलमार्ग दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20% हिस्सा गुजरता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध की वजह से ईरान को दो तरह से लाभ हुआ है। पहला, उसका प्रमुख कच्चा तेल ग्रेड, जिसे ज्यादातर चीन के ग्राहकों को बेचा जा रहा है, अब ब्रेंट तेल के मुकाबले पिछले 10 महीनों में सबसे कम डिस्काउंट पर बिक रहा है। दूसरा, अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट तेल की कीमत युद्ध शुरू होने के बाद $100 प्रति बैरल से ऊपर चली गई है। इससे ईरान की कमाई और बढ़ी है।

16 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंचा तेल का निर्यात

अनुमान है कि इस महीने ईरान का तेल निर्यात युद्ध से पहले के स्तर, यानी लगभग 16 लाख बैरल प्रति दिन, के आसपास ही बना हुआ है। ईरानी कच्चा तेल ले जाने वाले जहाज खार्ग द्वीप टर्मिनल से तेल लोड कर रहे हैं और फारस की खाड़ी होते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से बाहर जा रहे हैं। हाल के दिनों में यह गतिविधि और तेज हुई है। वहीं, ईरान अन्य खाड़ी देशों के तेल शिपमेंट को इस मार्ग से गुजरने नहीं दे रहा है।

तेल बेचकर कमाई कर रहा ईरान

अमेरिका और इजरायल भले ही ईरान पर हवाई हमले कर रहे हैं, लेकिन तेल बेचकर ईरान अपनी वित्तीय जीवनरेखा बनाए रखने में सक्षम रहा है। ब्लूमबर्ग ने बताया कि अमेरिकी सरकार ने उन ईरानी तेल टैंकरों पर लगे प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है जो समुद्र में पहले से मौजूद थे।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी के सीनियर रिसर्च स्कॉलर रिचर्ड नेफ्यू ने कहा कि “ट्रंप प्रशासन लगभग ईरान से तेल बेचने की गुहार लगा रहा है। मुझे लगा था कि अमेरिका के लिए इसे रोकना प्राथमिकता होगी।”

139 मिलियन प्रतिदिन की कमाई

रिपोर्ट के अनुसार, मार्च में ईरान सरकार ने अपने मुख्य तेल ग्रेड ईरानियन लाइट से लगभग $139 मिलियन प्रतिदिन कमाए, जबकि फरवरी में यह $115 मिलियन प्रतिदिन था। इसके अलावा, ब्रेंट के मुकाबले ईरान के तेल की मांग बढ़ी है और डिस्काउंट घटकर $2.10 प्रति बैरल रह गया, जो एक साल में सबसे कम है। बढ़ी कीमत और निर्यात ईरान के लिए युद्ध के दौरान आर्थिक राहत का काम कर रही है और उसे अपनी अर्थव्यवस्था फिर से खड़ा करने में मदद कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com