‘एकजुट हों मुस्लिम देश …’, ईरानी सेना ने की बड़ी अपील, कहा- हर खून की बूंद का लिया जाएगा हिसाब
Iran Israel War: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरानी सेना ने मुस्लिम देशों से एकजुट होने का आह्वान किया है। ईरान ने 112 दुश्मन ड्रोन और अमेरिकी ठिकाने तबाह करने का भी दावा किया है।
- Written By: अमन उपाध्याय
ब्रिग्रेडियर जनरल अबोलफजल शेखरची, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
मिडिल ईस्ट में युद्ध की लपटें तेज होती जा रही हैं। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी इस भीषण संघर्ष के बीच ईरानी सेना ने एक बड़ा कूटनीतिक और सैन्य दांव चला है। ईरान की सेना के प्रवक्ता ब्रिग्रेडियर जनरल अबोलफजल शेखरची ने दुनिया भर के मुस्लिम देशों के नेताओं से अपील की है कि वे अमेरिका और इजरायल के बढ़ते प्रभाव और हमलों के खिलाफ एकजुट हो जाएं। शेखरची ने जोर देकर कहा कि इस्लामी देशों को ईरान और उसकी जनता पर भरोसा करना चाहिए और पूरी मुस्लिम दुनिया की मजबूती के लिए एक मंच पर आना चाहिए।
‘हर खून की बूंद की कीमत चुकानी होगी’
ईरान के खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फागारी ने एक टीवी संबोधन में चेतावनी दी कि अमेरिका-इजरायल को युद्ध में बहाए गए हर खून की कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपने लोगों के नुकसान का बदला लेने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में ईरान ने अपनी सैन्य सफलता के आंकड़े भी साझा किए हैं।
जोल्फागारी के अनुसार, ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने अब तक कुल 112 दुश्मन ड्रोन मार गिराए हैं। इनमें निगरानी, आत्मघाती और लड़ाकू ड्रोन शामिल हैं। विशेष रूप से बंदरअब्बास और फीरोजाबाद के पास दो MQ-9 ड्रोन और तबरीज के आसमान में एक अन्य विमान को नष्ट करने का दावा किया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
Pakistan Storm: खैबर पख्तूनख्वा में बारिश और तूफान ने मचाई भारी तबाही, 7 की मौत, प्रशासन फेल
‘तुम पागल हो…’ लेबनान पर अटैक के बाद भड़का अमेरिका, US-ईरान डील पर बढ़ा तनाव
Israel Lebanon War: लेबनान के नबातीह में इजरायली हमलों से भारी तबाही, 16 लोगों की दर्दनाक मौत
गुजरात: पावागढ़ शक्तिपीठ में भारी बारिश के बीच गिरी चट्टान, मलबे में दबने से 2 तीर्थयात्रियों की मौत
मिसाइल और ड्रोन हमला
ईरान ने अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करते हुए बताया कि उसने इजरायल के उत्तरी सैन्य कमांड और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए ‘खैबर-शेकन’ नाम की सॉलिड फ्यूल प्रिसिजन मिसाइलों का इस्तेमाल किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने 10 अलग-अलग स्थानों पर सटीक हमले किए हैं, जिनमें तेल अवीव के सात ठिकाने, रिशोन लेजियन के दो और शोहम का एक स्थान शामिल है। इसके अलावा, अमेरिकी सेना के तीन महत्वपूर्ण ठिकानों पर भी ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- ईरान की ट्रंप को दोटूक चेतावनी; अमेरिकी तेल कंपनियों को बना देंगे ‘राख का ढेर’, होर्मुज भी रहेगा बंद
अंडरग्राउंड ताकत और संकल्प
इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने अपनी हवाई ताकत दिखाते हुए एक वीडियो जारी किया है जिसमें एक अंडरग्राउंड ट्रेन में बड़ी संख्या में आधुनिक ड्रोन ले जाए जा रहे हैं। इस सुरंग में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की तस्वीरें भी देखी गई हैं, जो इस बात का संकेत है कि ईरान लंबी लड़ाई के लिए तैयार है। जोल्फागारी ने अंत में कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक दुश्मनों को पूरी तरह जवाब नहीं मिल जाता और अंततः जीत भगवान की मदद से ही मिलेगी।
