

यरूशलम: भारत ने लेबनान में बढ़ती हिंसा के बीच भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जारी एडवाइजरी में भारत ने भारतीय नागरिकों से लेबनान की यात्रा से बचने का आग्रह किया है। साथ ही वहां मौजूद लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने और जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों से संबंधित कार्यालय ने बुधवार को कहा कि लगभग एक साल पहले हिजबुल्ला द्वारा उत्तरी इसराइल पर रॉकेट दागा गया था। हिज्बुल्ला पर इसराइल ने जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद लेबनान में 20,000 लोग विस्थापित हुए हैं।
इसराइली हमले में 51 लोग मारे गए
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, बुधवार को इसराइली हमलों में 51 लोग मारे गए। जबकि 223 घायल हुए हैं। लेबनान की राजधानी बेरूत में स्थित को देखते हुए भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट के जरिए एडवाइजरी जारी की है।
जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि एक अगस्त 2024 को जारी परामर्श के पुनरावलोकन और क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों और तनाव को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक लेबनान की यात्रा न करने की सलाह दी जाती है। एडवाइजरी में ये भी कहा गया है, लेबनान में पहले से मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को भी देश छोड़ने की सलाह दी जाती है।
भारतीय दूतावास ने कहा, जो लोग किसी भी कारण से लेबनान में रह गए हैं, उन्हें ज्यादा से ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता है। साथ ही अपनी गतिविधियों को सीमित रखने और बेरूत में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।