

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं
पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह की आज होने वाली मुलाकात है अहम
दोनों देशों के बीच संबंध में कड़वाहट है, नेपाली पीएम का भारत दौरा कड़वाहट को कर सकता है दूर
Narendra Modi Balen Shah Meeting: भारत कभी भी नेपाल को अलग देश के रुप में नहीं देखा। देश में सरकार किसी की भी रही हो नेपाल के साथ संबंध मधुर ही रहे हैं। नेपाल के लिए एक पुरानी कहावत है कि नेपाल और भारत का संबंध रोटी-बेटी का है। दोनों देशों के बीच लड़के-लड़कियों की शादियां प्राचीन प्रचलन का एक हिस्सा रहा है। आज भी सीमावर्ती इलाकों में नेपाल में भारतीय शादियां होती हैं।
संबंधों में प्रघाड़ता और आपसी तालमेल के बीच बीते कुछ सालों में भारत के साथ नेपाल के संबंध में कड़वाहट देखने को मिला है। इसका सबसे बड़ा कारण चीन का नेपाल पर आधिपत्य होना है। चीन, नेपाल के राजनैतिक, आर्थिक, सामरिक सभी पहलुओं पर हस्तक्षेप करने की बात सामने आती है।
बीते कुछ सालों में सीमा विवाद के कारण भी नेपाल के साथ भारत के संबंध में कड़वाहट देखने को मिला है। संवेदनशील हो रहे रिश्तों के बीच नेपाल के पीएम का भारत दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। आपसी मतभेद धुलने की संभावना है और भारत के साथ बिगड़े संबंधों को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जगी है।
इसी कड़ी में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) की आज यानी 23 नवंबर को नई दिल्ली में अहम मुलाकात होने जा रही है। इस बैठक पर दोनों देशों की नजरें टिकी हैं। इसकी वजह सिर्फ दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की मुलाकात नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और रणनीतिक सहयोग का भविष्य भी है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत पहुंचे। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। ऐसे में इस यात्रा को भारत और नेपाल के संबंधों में नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत और नेपाल के बीच आर्थिक रिश्ते काफी पुराने और मजबूत हैं। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। नेपाल अपनी जरूरतों के लिए भारतीय बाजार, परिवहन और आपूर्ति व्यवस्था पर काफी निर्भर है। वहीं भारत के लिए नेपाल हिमालयी क्षेत्र में रणनीतिक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण है।
बालेन शाह और नरेंद्र मोदी की बातचीत में व्यापारिक संबंधों को विस्तार देने, निवेश बढ़ाने और आर्थिक सहयोग के नए अवसर तलाशने पर जोर रहने की उम्मीद है। नेपाल में अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण का मुद्दा भी बातचीत के एजेंडे में शामिल है। इस आपदा में बड़े पैमाने पर जान-माल और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में भारत की आर्थिक मदद नेपाल के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है।
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग भी इस यात्रा का प्रमुख मुद्दा है। नेपाल में जलविद्युत उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं, जबकि भारत को बिजली की लगातार जरूरत रहती है। दोनों देश इस क्षेत्र में मिलकर काम करके आर्थिक लाभ हासिल कर सकते हैं।
बैठक में बिजली उत्पादन, हाइड्रोपावर परियोजनाओं और सीमा पार बिजली आपूर्ति को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है। इससे नेपाल को बिजली निर्यात के जरिए राजस्व बढ़ाने और भारत को स्वच्छ ऊर्जा हासिल करने में मदद मिल सकती है।
बालेन शाह के भारत दौरे का एक महत्वपूर्ण पहलू धार्मिक और सांस्कृतिक संपर्क भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह अयोध्या तथा जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाने वाले हैं।
अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क शुरू होने से धार्मिक पर्यटन और दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा हवाई संपर्क, सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी बातचीत होनी है।
भारत और नेपाल के संबंधों में चीन की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। नेपाल की भौगोलिक स्थिति उसे भारत और चीन दोनों के लिए महत्वपूर्ण बनाती है। चीन नेपाल में बुनियादी ढांचे और आर्थिक परियोजनाओं के जरिए अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश करता रहा है।
भारत की प्राथमिकता नेपाल के साथ पारंपरिक संबंधों को मजबूत बनाए रखने की है। वहीं नेपाल भी अपनी विदेश नीति में स्वतंत्रता और दोनों पड़ोसी देशों के साथ संतुलन बनाए रखना चाहता है। ऐसे में बालेन शाह के सामने भारत के साथ भरोसे का रिश्ता मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी।
भारत और नेपाल के बीच कालापानी, लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और सुस्ता जैसे क्षेत्रों को लेकर सीमा विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। इसके अलावा गोरखा सैनिकों की भर्ती और भारत की अग्निपथ योजना को लेकर भी दोनों देशों के बीच मतभेद रहे हैं।
इन मुद्दों का समाधान दोनों देशों के लिए आसान नहीं है। हालांकि, कूटनीतिक बातचीत के जरिए आपसी सहमति बनाने की कोशिश की जा सकती है। बालेन शाह के नेतृत्व में नेपाल का रुख किस तरह आगे बढ़ता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
बालेन शाह की भारत यात्रा को सिर्फ औपचारिक कूटनीतिक कार्यक्रम मानना सही नहीं होगा। यह दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने का अवसर भी है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मुलाकात में कई समझौतों और नई परियोजनाओं की घोषणा होने की उम्मीद है।
हालांकि, दोनों देशों के बीच वास्तविक बदलाव इस बात पर निर्भर करेगा कि बातचीत में बनी सहमति को जमीन पर कितनी तेजी से लागू किया जाता है। भारत के लिए नेपाल के साथ भरोसेमंद संबंध बनाए रखना महत्वपूर्ण है, जबकि नेपाल के लिए भारत के साथ आर्थिक और विकास संबंधी सहयोग उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
ऐसे में बालेन शाह का भारत दौरा आने वाले समय में दोनों पड़ोसी देशों के रिश्तों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।