

अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से भारत-नेपाल के पुराने रिश्ते मजबूत होंगे
सरयू-कमला एक्सप्रेस को पीएम मोदी और बालेंद्र शाह करेंगे रवाना
28 नवंबर से आम श्रद्धालु कर सकेंगे सफर
Saryu Kamla Express: भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम के बीच अब सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए आज सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच रेल सेवा शुरू होने को ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इससे भारत और नेपाल के सदियों पुराने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रिश्ते और मजबूत होंगे। योगी के मुताबिक, इस रेल सेवा से अवध और मिथिला के बीच पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और 'रोटी-बेटी' के रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ेगा।
अयोध्या से जनकपुर धाम तक सीधी ट्रेन सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को होगा, जबकि 28 नवंबर से आम श्रद्धालु इस रेलसेवा में यात्रा कर सकेंगे। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी।
यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह रेलसेवा सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार और जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को ट्रेन रवाना होगी।
गाड़ी संख्या 15596 अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी। अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। रास्ते में गोरखपुर में रात 10:13 बजे, नरकटियागंज में मंगलवार रात 1:50 बजे, सीतामढ़ी में सुबह 4:42 बजे और जयनगर में सुबह 8:30 बजे आगमन होगा। वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। इस दौरान गोरखपुर में रविवार सुबह 3:55 बजे ट्रेन का आगमन निर्धारित है।
सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें आठ वातानुकूलित कोच, सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में प्रत्येक में 52 बर्थ, एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था होगी। सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ तथा एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध होंगी। एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच विद्युत उत्पादन के लिए लगाया गया है।
इस रेलसेवा को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित कुल 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी।