

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) आखिरकार सरेंडर हो गई। शंघाई सहयोग संगठन आयोजन के मद्देनजर पीटीआई ने मंगलवार को अपना विरोध प्रदर्शन खत्म कर दिया। यहां शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के शासनाध्यक्षों की परिषद (CHG) की 23वीं दो दिवसीय बैठक कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होने जा रही है।
दो दिवसीय बैठक में अर्थव्यवस्था, व्यापार, पर्यावरण और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों के क्षेत्र में जारी सहयोग पर चर्चा की जाएगी और संगठन के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। सीएचजी बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ करेंगे।
पाकिस्तान ने अक्टूबर 2023 में बिश्केक में आयोजित पिछली बैठक में 2023-24 के लिए एससीओ के भीतर दूसरे सर्वोच्च मंच एससीओ सीएचजी की, चक्रीय व्यवस्था के तहत अध्यक्षता ग्रहण की थी। हालांकि देश के भीतर पीटीआई के प्रदर्शन करने का फैसला शहबाज सरकार के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। फिलहास आश्वासन
क्यों PTI ने लिया प्रदर्शन करने का फैसला
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने कल रात राजधानी में अपना प्रदर्शन खत्म करने पर सहमति जताई। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने यह फैसला सरकार के उस आश्वासन के बाद लिया है जिसमें उसने इमरान खान से एक मेडिकल टीम को मिलने की अनुमति देने की बात कही है।
मजबूर करने के लिए विरोध प्रदर्शन की घोषणा
एससीओ बैठक से पहले अधिकारियों द्वारा इमरान खान सहित रावलपिंडी के अदियाला जेल में बंद कैदियों के साथ सभी प्रकार की मुलाकातों पर रोक लगाने के बाद, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने सरकार को जेल में इमरान खान से मुलाकात की अनुमति देने के वास्ते मजबूर करने के लिए विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी।
हालांकि, यह मुद्दा सोमवार देर रात हल हो गया जब पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने सरकार के इस आश्वासन को स्वीकार कर लिया कि मंगलवार को एक डॉक्टर को खान से मिलने की अनुमति दी जाएगी।