गाजा में खत्म होनी चाहिए लड़ाई, UN के महासचिव की सभी पक्षों से अपील, तीसरी बरसी को लेकर कही बड़ी बात

United Nation General Secretary: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने तीसरी बरसी से पहले Gaza में स्थायी युद्धविराम की अपील की है। उन्होंने सभी पक्षों से इसके लिए मिलकर काम करने की बात कही।
UN Appeal for peace
गाजा पट्टी में शांति के लिए UN महासचिव की अपीलसोर्स- IANS
Published on: 
Updated on: 

Gaza–Israel Conflict: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 7 अक्टूबर 2023 के हमलों की तीसरी बरसी से पहले गाजा में स्थायी युद्धविराम की अपील की है।

तीसरी बरसी पर जारी अपने संदेश में गुटेरेस ने कहा कि उन हमलों की भयावहता फिर कभी दोहराई नहीं जानी चाहिए और इसके बाद गाजा में शुरू हुई लड़ाई अब खत्म होनी चाहिए। 7 अक्टूबर 2023 को फिलिस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास ने गाजा से इजरायल पर हमला किया था। इसमें करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके जवाब में इजरायल ने गाजा में हमास के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया।

74 हजार फिलिस्तीनी के मारे जाने का दावा

एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, इस संघर्ष में कम से कम 74 हजार फिलिस्तीनी मारे गए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि हमलों के बाद शुरू हुई विनाशकारी लड़ाई ने गाजा में फिलिस्तीनियों को बेहिसाब दर्द और तकलीफ दी है। बड़ी संख्या में लोगों की जान गई, लोग विस्थापित हुए और बड़े पैमाने पर तबाही हुई। आम लोग अब भी बेहद मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं। उनकी तकलीफ भी अब खत्म होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले साल हुए युद्धविराम से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन अभी तक लोगों को पूरी सुरक्षा, पर्याप्त मानवीय सहायता या हालात सुधारने और शांति कायम करने का भरोसेमंद रास्ता नहीं मिल पाया है।

UN Appeal for peace
गाजा युद्ध पर यरुशलम की पूर्व डिप्टी मेयर का बड़ा बयान, संयुक्त राष्ट्र खो चुका है अपनी विश्वसनीयता

सभी पक्षों से युद्धविराम की अपील

एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, "मैं सभी पक्षों से अपील करता हूं कि वे अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरी तरह लागू करें और युद्धविराम के अगले चरण की ओर बढ़ें। अब युद्धविराम को स्थायी बनाने का समय है। बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता पहुंचने देने और अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करने का भी समय आ गया है।"

उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में लंबे समय तक कायम रहने वाली शांति के लिए राजनीतिक रास्ता तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र इन लक्ष्यों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है।

UN Appeal for peace
गाजा पट्टी में इजराइल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, उत्तरी और दक्षिणी इलाकों में दहशत; 4 फिलिस्तीनी मारे गए

शांति के लिए मिलकर करे काम

गुटेरेस ने कहा कि यह बरसी सिर्फ एक और साल के दुख और शोक का प्रतीक न बने, बल्कि एक अलग भविष्य बनाने के हमारे संकल्प को और मजबूत करे। ऐसा भविष्य, जहां इजरायली और फिलिस्तीनी शांति और सुरक्षा के साथ एक-दूसरे के पड़ोसी के रूप में रह सकें और उनके अधिकारों, सम्मान और उम्मीदों को पूरा किया जा सके।

हमास के नेतृत्व में हुए 7 अक्टूबर के हमले में इजरायल में करीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद इजरायल ने पूरे गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चलाया। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इन सैन्य कार्रवाइयों में 74,200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com