

Ghana Modern Noah Prediction: घाना में एक व्यक्ति ने खुद को आधुनिक दौर का नोआ बताकर सबको चौंका दिया है। उसने बाइबल में वर्णित नोआ (Noah) की कथा से खुद को जोड़ते हुए एक बड़ी नाव (नूह की नाव) भी तैयार की है। उसका दावा है कि 25 दिसंबर को भारी बारिश के साथ प्रलय जैसी बाढ़ आएगी और इस नाव में शरण लेकर ही लोग अपनी जान बचा पाएंगे।
इस दावे को सच मानकर हजारों लोग डर के मारे उसकी बनाई नावों में शरण लेने पहुंच गए हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोगों को एबो की नाव में पहले से अपनी जगह बुक करते हुए देखा जा सकता है।
पिछले कुछ दिनों से यह शख्स चर्चा में बना हुआ है और सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो सामने आ चुके हैं। इन वीडियो में वह 25 दिसंबर को आने वाली बाढ़ की चेतावनी देता नजर आता है और बाइबल में बताई गई तबाही से बचाने वाली आर्क (नाव) बनाता दिखता है।
घाना वेब की रिपोर्ट के अनुसार, इस व्यक्ति का नाम एबो नोआ (Eboh Noah) है। एबो का कहना है कि भगवान ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि 25 दिसंबर यानी क्रिसमस के दिन दुनिया खत्म हो जाएगी। उसका दावा है कि भगवान भारी बारिश और बाढ़ के जरिए धरती को तबाह करेंगे, इसलिए उन्हें नाव बनाने का आदेश दिया गया।
एबो का कहना है कि उसने अब तक दस नावें बनाई हैं। उसके अनुसार, 25 दिसंबर से लगातार तीन साल तक बारिश होती रहेगी। इसी वजह से वह नावों का निर्माण कर रहा है, ताकि वह खुद भी सुरक्षित रह सके और अपने अनुयायियों को भी बचा सके।
घाना का यह व्यक्ति, जो खुद को नोआ (Noah) बताता है, उसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। वह अपना नाम एबो जीसस या एबो नोआ बताता है। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहली बार अगस्त में सुर्खियों में आया था, जब उसने “क्या होगा और कैसे होगा” शीर्षक से एक यूट्यूब वीडियो अपने अनुयायियों के लिए जारी किया था।
बाइबल में नोआ की कहानी के अनुसार, भगवान ने उसे एक विशाल नाव बनाने का आदेश दिया था। उस नाव में नोआ का परिवार और धरती पर रहने वाले सभी जीव-जंतुओं के एक-एक जोड़े को सुरक्षित रखा गया था। महाप्रलय के दौरान 40 दिन और 40 रात तक लगातार बारिश हुई थी।