पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल को लेकर बवाल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Pakistan Sialkot Firing for Petrol: ईरान में चल रहे युद्ध के असर से इस समय पूरे पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की भारी कमी हो गई है। हालात इतने खराब हैं कि देश के कई पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं। जहां पंप खुले हैं, वहां आधी रात से ही गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए लग रही हैं। इसी बीच पाकिस्तानी सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज से 55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है।
इसी बीच पाकिस्तान के पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान चारों प्रांतों से पेट्रोल की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। कई जगह पेट्रोल पंपों की लाइटें बंद हैं और लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर तेल की किल्लत का सामना कर रहे पाकिस्तानियों के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं।
पेट्रोल की कमी के चलते कई जगह तनाव की स्थिति बन गई है। पंजाब प्रांत के सियालकोट में पेट्रोल को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार हाजीपुरा इलाके में एक युवक अरामको के पेट्रोल पंप पर लगभग 40 मिनट से लाइन में खड़ा था। जब पंप कर्मचारियों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर उसे लौटने को कहा, तो पहले उसकी कर्मचारियों से कहासुनी और मारपीट हुई। इसके बाद युवक ने गोली चला दी, जिसमें दो कर्मचारी घायल हो गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
🚨🚨First Result One man killed another injured in Sialkot Punjab Pakistan when the petrol station staff refused to give extra 10 litres of petrol to the car driver. Chaos started in Pakistan after the petroleum price hike!#PakistanPetrolCrisis pic.twitter.com/EbBUadO4hE — Fawad Khan Alakozai (@intofawadkhan5) March 6, 2026
पेट्रोल संकट के बीच पाकिस्तान सरकार ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट की। उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार, वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगज़ेब और पेट्रोल मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि पाकिस्तान को मिलने वाली पेट्रोल की बड़ी सप्लाई स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के रास्ते आती थी, जो युद्ध के कारण प्रभावित हो गई है।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में 8वें दिन महाजंग जारी, धमाकों से दहला मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सामने आया खौफनाक VIDEO
सरकार का कहना है कि फिलहाल देश के पास कुछ दिनों के लिए पेट्रोल-डीजल का भंडार मौजूद है। साथ ही जो पेट्रोल पंप कृत्रिम कमी पैदा करके मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी के चलते सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम में 55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है।