संघर्षविराम के बाद पहली बार फलस्तीनियों के चेहरे पर खुशी, इजराइल ने दिया उत्तरी गाजा लौटने की अनुमति
हमास के साथ युद्ध विराम समझौते के बाद, इजरायल ने गाजा के उत्तरी क्षेत्र में फलस्तीनियों को वापस लौटने की अनुमति दी है। यह इजरायल का गाजा के प्रभावित क्षेत्र में उठाया गया पहला बड़ा कदम है, जहां युद्ध के दौरान गंभीर..
- Written By: अमन उपाध्याय
इजराइल ने गाजा पट्टी के उत्तरी इलाकों में रहने वाले फलस्तीनियों को लौटने की अनुमति दी, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
दीर अल-बला: इजराइल ने हमास के साथ 15 महीने के युद्ध के बाद संघर्षविराम लागू होने पर पहली बार फलस्तीनियों को गाजा पट्टी के उत्तरी क्षेत्र में लौटने की अनुमति दी। इस युद्ध के कारण गाजा पट्टी का उत्तरी क्षेत्र बुरी तरह तबाह हो चुका है।
कई दिनों से अपने क्षेत्र लौटने का इंतजार कर रहे हजारों फलस्तीनी सोमवार को उत्तर की ओर बढ़े। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) के संवाददाताओं ने लोगों को सुबह सात बजे के बाद तथाकथित नेत्जारिम गलियारा पार करते देखा, जब नाका खुल जाता है।
अब तक का सबसे घातक और विनाशकारी युद्ध
हमास और इजराइल के बीच विवाद के कारण उत्तरी क्षेत्र में लोगों की वापसी में देरी हुई। इजराइल का आरोप था कि आतंकवादी समूह ने सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों के बदले में रिहा किए जाने वाले बंधकों के क्रम में बदलाव किया था। हालांकि, वार्ताकारों ने देर रात विवाद सुलझा लिया।
सम्बंधित ख़बरें
Gaza Blockade Break: गाजा की ओर बढ़े दर्जनों जहाज! इजरायली नाकाबंदी को चुनौती देने की तैयारी, क्या टूटेगा पहरा?
खंडहरों में रोजा, सड़कों पर इफ्तारी…सीजफायर के बाद गाजा में पहली रमजान, सामने आई इमोशनल करने वाली तस्वीरें
गाजा में इजरायली ड्रोन का कहर: सीजफायर के बीच साइकिल सवार दो फिलिस्तीनियों की हमले से मौत
जंग से जूझ रहा गाजा अब बाढ़ की चपेट में; हर तरफ चीख-पुकार और बेबसी, हालात भयावह
विदेश की अन्य ख़बरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
संघर्षविराम का उद्देश्य इजराइल और हमास के बीच अब तक के सबसे घातक और विनाशकारी युद्ध को समाप्त करना और सात अक्टूबर, 2023 को आतंकवादियों द्वारा इजराइल को निशाना बनाकर किए गए हमले में पकड़े गए कई बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करना है। इस हमले के बाद इजराइल ने हमास के खिलाफ युद्ध की शुरुआत की थी।
दस लाख लोग दक्षिण की ओर पलायन
युद्ध के शुरुआती दिनों में इजराइल ने उत्तरी क्षेत्र को पूरी तरह से खाली करने का आदेश दिया था और जमीनी सैनिकों के आने के कुछ समय बाद ही इसे सील कर दिया था। अक्टूबर 2023 में लगभग दस लाख लोग दक्षिण की ओर पलायन कर गए और उन्हें वापस लौटने की अनुमति नहीं दी गई। लाखों लोग उत्तरी क्षेत्र में रह गए, जहां युद्ध के दौरान सबसे भीषण लड़ाई और सबसे भयानक विनाश हुआ।
हमास पर लगाया ये आरोप
इजराइल ने सीमा पार करने वाले ‘क्रॉसिंग’ को खोलने में देरी की। इजराइल ने कहा था कि वह तब तक फलस्तीनियों को उत्तर की ओर जाने की अनुमति नहीं देगा जब तक कि महिला नागरिक बंधक अर्बेल येहूद को रिहा नहीं कर दिया जाता। इजराइल ने यह आरोप भी लगाया कि हमास ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी कि पहले चरण में रिहा किए जाने वाले शेष बंधक जीवित हैं या मृत। बदले में हमास ने इजराइल पर ‘क्रॉसिंग’ नहीं खोलकर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
महिला सैनिक अगम बर्गर भी शामिल
हमास के साथ प्रमुख वार्ताकार एवं मध्यस्थ खाड़ी देश कतर ने सोमवार को घोषणा की कि शुक्रवार से पहले येहूद तथा दो अन्य बंधकों को रिहा करने पर सहमति बन गई है। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि बंधकों की रिहाई बृहस्पतिवार को होगी। बंधकों में महिला सैनिक अगम बर्गर भी शामिल हैं। यह रिहाई अगले शनिवार को पहले से तय की गई रिहाई के अलावा होगी, जब तीन बंधकों को रिहा किया जाना है।
( एजेंसी इनपुट के साथ )
