

Charlie Kirk Murder: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक और राइट-विंग एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की यूटा वैली यूनिवर्सिटी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय किर्क एक प्रोग्राम को संबोधित कर रहे थे। गोली चलने के बाद अफरातफरी मच गई और लोग भाग खड़े हुए। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने किर्क की हत्या के लिए “कट्टरपंथी वामपंथ” को जिम्मेदार ठहराया और साफ किया कि इस कृत्य को अंजाम देने वालों को कोई बख्शा नहीं जाएगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने चार्ली किर्क की हत्या पर गहरी शोक भावना व्यक्त की है। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि किर्क की मौत ने सभी को दुःख और आक्रोश में डाल दिया है। उन्होंने इस हत्या के लिए “कट्टर वामपंथी विचारधारा” को जिम्मेदार ठहराया और याद दिलाया कि किर्क ने स्वतंत्रता, लोकतंत्र, न्याय और अमेरिकी नागरिकों के लिए संघर्ष किया।
ट्रंप ने आगे कहा कि उन्होंने सत्य और स्वतंत्रता के लिए अपनी जान दी। इतना सम्मान मिलने वाला कोई भी व्यक्ति पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी संवेदनाएं उनकी पत्नी एरिका, उनके दो प्यारे बच्चों और पूरे परिवार के साथ हैं, जिन्हें वे किसी भी चीज से ज्यादा चाहते थे। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि इस कठिन समय में वे उन्हें और उनके परिवार को शक्ति और सहारा दें।
ट्रंप ने कहा कि इस हत्या में शामिल लोगों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। यह अमेरिका के लिए एक अंधकारमय समय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंसा और हत्या, उन लोगों को शैतान कहने का दुखद परिणाम हैं जिनसे आप असहमत हैं। उन्होंने लिखा कि कुछ कट्टरपंथी वामपंथी चार्ली जैसे अमेरिकियों की तुलना नाज़ियों और इतिहास के सबसे बड़े अपराधियों से कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि इस तरह की भाषा सीधे देश में बढ़ते आतंकवाद के लिए जिम्मेदार है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
राष्ट्रपति ने आगे कहा कि उनका प्रशासन उन सभी लोगों की पहचान करेगा जिन्होंने इस तरह की हिंसा में भूमिका निभाई, चाहे वे संगठन हों जो इसका समर्थन या वित्तपोषण करते हैं, या वे लोग जो न्यायाधीशों, कानून प्रवर्तन और व्यवस्था बनाए रखने वाले अन्य लोगों पर हमला कर रहे हैं।