कैरेबियन में बढ़ी अमेरिकी मौजूदगी... वेनेजुएला भड़का, लगाया इंटरनेशनल लॉ तोड़ने का आरोप

Venezuela-US Confrontation: वेनेजुएला ने कैरेबियन सागर में अमेरिकी मिसाइल हमलों को अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। वहीं, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों की बढ़ती...
US presence in the Caribbean increases... Venezuela enraged, accused of breaking international law
कैरेबियन में बढ़ी अमेरिकी मौजूदगी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

US Troop Deployment: कैरेबियन सागर में हाल ही में अमेरिकी सेना द्वारा की गई मिसाइल गतिविधियों ने वेनेजुएला समेत पूरे दक्षिण अमेरिकी क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। वेनेजुएला के अटॉर्नी जनरल तारेक विलियम साब ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून और मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताया।

साब ने कहा कि यदि कोई जहाज तत्काल खतरा पैदा नहीं करता, तो उस पर घातक सैन्य कार्रवाई अंतर्राष्ट्रीय कानून के खिलाफ मानी जाती है। उन्होंने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह 'यूनाइटेड नेशंस कन्वेंशन ऑन द लॉ ऑफ द सी' और विभिन्न मानवाधिकार संधियों का उल्लंघन कर रहा है। उनके अनुसार, “अमेरिका अंतर्राष्ट्रीय नियमों की अनदेखी करते हुए कैरेबियन सागर में एकतरफा कार्रवाई कर रहा है, जो क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा है।”

वेनेजुएला ड्रग रूट नहीं

साब ने यह भी स्पष्ट किया कि वेनेजुएला ड्रग उत्पादन केंद्र नहीं है। सिन्हुआ की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका के अपने डेटा के अनुसार, यूएस में पहुंचने वाले कुल ड्रग्स का केवल 5% से भी कम हिस्सा वेनेजुएला के रास्ते आता है। उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्षों में वेनेजुएला के अटॉर्नी जनरल ऑफिस ने 60,820 ड्रग ट्रैफिकिंग मामलों में चार्जशीट दायर की है, जिसके परिणामस्वरूप 21,370 लोगों को सजा दी गई और 370 टन से अधिक ड्रग्स जब्त किए गए।

युद्ध शुरू करना आसान, रोकना मुश्किल

इस मुद्दे ने क्षेत्रीय राजनीति को भी गर्मा दिया है। हाल ही में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने अमेरिकी सैनिकों की कैरेबियन सागर में तैनाती को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वह वेनेजुएला के साथ किसी भी संभावित संघर्ष को रोकने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करने की योजना बना रहे हैं।

जोहान्सबर्ग में आयोजित G20 समिट के बाद ब्राजीलियाई मीडिया से बातचीत में लूला ने कहा कि दक्षिण अमेरिका शांति का क्षेत्र है और यहां परमाणु हथियार नहीं हैं। युद्ध का कोई अर्थ नहीं है। इसे शुरू करना आसान है, रोकना नहीं। हमें संघर्ष से पहले समाधान खोजना आवश्यक है। लूला ने यह भी कहा कि चूंकि ब्राजील की सीमा वेनेजुएला से लगती है, इसलिए क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

अमेरिका की दलील- ड्रग्स रोकने के लिए तैनाती

दूसरी ओर, वॉशिंगटन का दावा है कि कैरेबियन सागर में अमेरिकी सैनिकों की बढ़ती मौजूदगी ड्रग तस्करी को रोकने के लिए है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि समुद्री मार्ग से आने वाले ड्रग्स की वजह से हर साल लाखों अमेरिकी प्रभावित होते हैं, इसलिए सैन्य स्तर पर निगरानी बढ़ाना आवश्यक है। हालांकि वेनेजुएला और ब्राजील दोनों ने इस कदम को क्षेत्रीय संप्रभुता और शांति के लिए खतरा बताया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com