कनाडा के धुएं से जहरीली हुई अमेरिका की हवा, भड़के डोनाल्ड ट्रंप ने दी भारी टैरिफ लगाने की धमकी

Canada Wildfire Smoke US: कनाडा के जंगलों में लगी भीषण आग का धुआं अमेरिका पहुंचने पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर लापरवाही का आरोप लगाया है और भारी एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है।
US air turns toxic due to Canadian smoke; an enraged Donald Trump threatens to impose heavy tariffs.
मार्क कार्नी और डोनाल्ड ट्रंप, फोटो(सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Canada Wildfire Smoke US Trump Tariff Threat: कनाडा के जंगलों में लगी भीषण आग ने अब एक अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक और आर्थिक विवाद का रूप ले लिया है। कनाडा से उठने वाला जहरीला धुआं अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर अमेरिका के कई राज्यों में फैल गया है, जिससे वहां की वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक पहुंच गई है।

इस प्राकृतिक आपदा के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए भारी आर्थिक दंड लगाने की चेतावनी दी है।

ट्रंप का कनाडा पर तीखा हमला

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर कनाडा को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा अपने जंगलों और झाड़ियों की सफाई तथा रखरखाव ठीक से नहीं कर रहा है, जिसकी वजह से बार-बार आग लगने की घटनाएं हो रही हैं।

ट्रंप के अनुसार, इस लापरवाही के कारण गंदी और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हवा अमेरिका में फैल रही है, जिसे अब और स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस प्रदूषण से अमेरिका को हो रहे नुकसान की भरपाई कनाडा को करनी होगी और इसे कनाडा से आने वाले सामान पर लगे टैरिफ में जोड़ दिया जाएगा।

PM मार्क कार्नी से करेंगे बात

ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह इस मुद्दे पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से जल्द ही सीधी बात करेंगे। वह जानना चाहते हैं कि कनाडा सरकार इन आग को रोकने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए क्या ठोस कदम उठा रही है। ट्रंप ने धुएं से होने वाले अमेरिकी आर्थिक नुकसान को 'अकल्पनीय' बताया है।

उनका कहना है कि हर साल अमेरिकी नागरिकों को पड़ोसी देश की इस समस्या का बोझ उठाना पड़ता है, इसलिए अब प्रदूषण की लागत को भी टैरिफ का हिस्सा बनाया जाएगा।

20 राज्यों में एयर क्वालिटी अलर्ट

वर्तमान में कनाडा के लगभग 850 जंगलों में आग लगी हुई है, जिनमें से 180 से अधिक आग अकेले ओंटारियो प्रांत में धधक रही हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के सैटेलाइट डेटा से पता चला है कि यह धुआं उत्तरी अमेरिका के एक बड़े हिस्से को ढंक चुका है।

इसके चलते अमेरिका के 20 से ज्यादा राज्यों में 'एयर क्वालिटी अलर्ट' जारी किया गया है। अपर मिडवेस्ट से लेकर उत्तर-पूर्वी राज्यों तक के निवासियों को सलाह दी गई है कि वे घरों के अंदर रहें और बाहरी शारीरिक गतिविधियों से बचें, क्योंकि हवा में मौजूद महीन प्रदूषित कण फेफड़ों के लिए बेहद घातक हैं।

क्या कानूनी रूप से संभव है प्रदूषण टैरिफ?

विशेषज्ञों के अनुसार, केवल कनाडा ही नहीं बल्कि अमेरिका के भी 150 से ज्यादा जंगलों में आग लगी हुई है, जिसमें मिशिगन के कई इलाके शामिल हैं। रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और सूखे को इन आग का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, ट्रंप ने टैरिफ की धमकी दी है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इसे लागू करना कानूनी रूप से चुनौतीपूर्ण होगा।

आमतौर पर टैरिफ आयातित वस्तुओं पर लगाया जाता है और सीमा पार से आने वाले वायु प्रदूषण या धुएं पर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का फिलहाल कोई अंतरराष्ट्रीय कानूनी प्रावधान नहीं है। अब देखना यह होगा कि ट्रंप इस आर्थिक धमकी को धरातल पर कैसे उतारते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com