कनाडा में लगी भीषण आग, भारतीय नागरिक समेत 5 की दर्दनाक मौत, चारों ओर पसरा मातम

Canada Brampton Fire: कनाडा के ओंटारियो प्रांत के ब्रैम्पटन में भीषण आग लगने से एक भारतीय नागरिक सहित 5 लोगों की मौत हो गई। भारतीय दूतावास पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
A massive fire broke out in Canada, killing five people, including an Indian citizen, causing widespread mourning.
कनाडा में लगी भीषण आग, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indian Citizen Killed Canada Fire: कनाडा के ओंटारियो प्रांत में ब्रैम्पटन क्षेत्र में एक आवासीय घर में देर रात लगी भीषण आग ने पांच लोगों की जान ले ली। मृतकों में एक भारतीय नागरिक, एक बच्चा और तीन महिलाएं शामिल हैं। यह दर्दनाक हादसा 19-20 नवंबर की देर रात लगभग 2:15 बजे मैकलॉघलिन और रिमेंबरेंस रोड के पास 12 बनस वे स्थित घर में हुआ। आग लगने के कारणों की फिलहाल जांच जारी है।

टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ब्रैम्पटन में हुई विनाशकारी आग की घटना में भारतीय नागरिक की मौत अत्यंत पीड़ादायक है। दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह इस कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ा है तथा हर आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।

हादसे की संयुक्त रूप से हो रही जांच

रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने के समय घर में कई लोग मौजूद थे। ओंटारियो के फायर मार्शल कार्यालय और स्थानीय पुलिस इस हादसे की संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। स्थानीय कांस्टेबल टायलर बेल के अनुसार, घटनास्थल पर ही चार लोगों तीन महिलाओं और एक छोटे बच्चे की मौत हो गई थी। दुर्घटना का एक बेहद दर्दनाक पहलू यह था कि आग से बचने के लिए एक गर्भवती महिला ने खिड़की से छलांग लगा दी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी आपातकालीन सर्जरी के जरिए बच्चे को जन्म दिलाया गया, लेकिन नवजात को बचाया नहीं जा सका। महिला फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पलभर में आग की चपेट में आया बड़ा हिस्सा

अस्पताल में भर्ती अन्य चार लोगों की हालत स्थिर है, हालांकि कुछ गंभीर रूप से घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि घर का एक बड़ा हिस्सा पलभर में आग की चपेट में आ गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

स्थानीय निवासी और समुदाय के लोग इस हृदयविदारक हादसे से स्तब्ध हैं। पड़ोसियों ने बताया कि आग लगते ही धुआं पूरे इलाके में फैल गया और फायर यूनिट्स के पहुंचने से पहले स्थिति बेहद भयावह हो चुकी थी।

फायर मार्शल की टीम आग के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल की विस्तृत जांच कर रही है क्या यह दुर्घटनावश लगी आग थी, या किसी तकनीकी खराबी या अन्य वजह से हादसा हुआ। रिपोर्ट आने में कुछ समय लग सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com