10 साल का इंतजार खत्म, बांग्लादेश-पाकिस्तान के बीच शुरू होंगी सीधी उड़ानें; जानें क्या है शेड्यूल

Dhaka Karachi Flight: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच 29 जनवरी से ढाका-कराची रूट पर सीधी उड़ानें फिर से बहाल हो रही हैं। 10 साल बाद शुरू हो रही यह सेवा दोनों देशों के सुधरते रिश्तों का संकेत है।
The 10-year wait is over: Direct flights between Bangladesh and Pakistan will resume; know the schedule.
बांग्लादेश-पाकिस्तान के बीच शुरू होंगी सीधी उड़ानें, फोटो (सो. एआई डिजाइन)
Published on
Updated on

Bangladesh Pakistan Direct Flights News: बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी, बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस ने घोषणा की है कि वह 29 जनवरी से ढाका और कराची के बीच अपनी सीधी उड़ानें फिर से शुरू करेगी। गौरतलब है कि इस रूट पर आखिरी बार सीधी उड़ानें साल 2012 में संचालित की गई थीं।

लगभग 13 साल के लंबे अंतराल के बाद यह हवाई मार्ग फिर से सक्रिय होने जा रहा है जिसे दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के खत्म होने की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

क्या है शेड्यूल?

स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, शुरुआती चरण में यह उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यह सेवा हर गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। निर्धारित समय-सारिणी के मुताबिक, विमान ढाका से रात 8 बजे (स्थानीय समय) उड़ान भरेगा और रात 11 बजे कराची पहुंचेगा। वहीं, वापसी उड़ान कराची से रात 12 बजे (स्थानीय समय) रवाना होगी और सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर ढाका पहुंचेगी।

बदलते राजनीतिक समीकरण और कूटनीतिक पहल

विशेषज्ञों का मानना है कि साल 2024 में बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद से पाकिस्तान के साथ रिश्तों में जमी बर्फ पिघलनी शुरू हुई है। इस दिशा में एक बड़ा कदम अगस्त 2025 में उठाया गया था जब पाकिस्तान के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने ढाका का दौरा किया था। 13 साल बाद किसी पाकिस्तानी विदेश मंत्री का यह पहला बांग्लादेश दौरा था जहां मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनूस के साथ बातचीत के दौरान सीधी उड़ानें शुरू करने पर सहमति बनी थी।

भारतीय हवाई क्षेत्र और तकनीकी मंजूरी

ढाका और कराची के बीच का सबसे छोटा रास्ता भारतीय हवाई क्षेत्र से होकर गुजरता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बांग्लादेश को भारत से ओवरफ्लाइट की आधिकारिक अनुमति मिल गई है या नहीं।

दूसरी ओर, पाकिस्तान की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बिमान बांग्लादेश को अपने हवाई क्षेत्र में तय एयर कॉरिडोर के इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है। पिछले कई महीनों से दोनों देशों के विमानन अधिकारियों के बीच इस रूट को लेकर गहन चर्चा चल रही थी।

व्यापार और जनसंपर्क को मिलेगा बढ़ावा

सीधी उड़ानें शुरू होने से न केवल यात्रा का समय कम होगा बल्कि दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों का संपर्क (People-to-People Contact) और व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। लंबे समय से कूटनीतिक दूरियों के कारण यात्रियों को तीसरे देश होकर यात्रा करनी पड़ती थी जो अब समाप्त हो जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com