फिर दहल उठा बांग्लादेश, ढाका के माघ बाजार में जोरदार विस्फोट; धमाके में कई लोग घायल

Dhaka Blast News: बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच राजधानी ढाका एक बार फिर दहशत के साये में आ गई है। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर माघ बाजार इलाके में फ्लाईओवर के पास हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत...
Bangladesh rocked again, powerful explosion in Dhaka's Maghbazar; several people injured in the blast.
ढाका के माघ बाजार में जोरदार विस्फोट, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Bangladesh Dhaka Blast News In Hindi: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के माघ बाजार इलाके में मंगलवार शाम एक बड़ा धमाका हुआ जिसने पूरे शहर में दहशत फैला दी। यह धमाका कॉकटेल बम से किया गया जिसमें 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हालात को देखते हुए ढाका में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

हाथीरझील थाना के प्रभारी मोहम्मद राजू के अनुसार, यह घटना शाम करीब 7:15 बजे हुई। बदमाशों ने माघ बाजार फ्लाईओवर से एक देसी कॉकटेल बम फेंका जो सीधे सियाम के सिर पर फटा। धमाका इतना तेज था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

चाय पीने निकले युवक पर फेंका बम

मृतक सियाम माघ बाजार फ्लाईओवर के नीचे स्थित ‘जाहिद कार डेकोरेशन’ नाम की दुकान में काम करता था। दुकान के मालिक कामरान ने बताया कि सियाम काम के दौरान चाय पीने के लिए बाहर निकला था तभी अचानक उस पर बम फेंका गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमला सुनियोजित था या किसी खास मकसद से किया गया।

हादी की हत्या के बाद हालात लगातार बदतर

इस घटना ने बांग्लादेश में पहले से बिगड़ते हालात को और गंभीर बना दिया है। हाल के महीनों में देश हिंसा और अराजकता की आग में झुलस रहा है। उस्मान हादी की हत्या के बाद हालात लगातार बदतर होते चले गए हैं। कट्टरपंथी तत्वों की बढ़ती गतिविधियों ने आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

इसी बीच 18 दिसंबर को मयमनसिंह में हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी थी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि फेसबुक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के दावे के कोई ठोस सबूत नहीं मिले। इस मामले को लेकर ब्रिटेन के सांसद टॉम मॉरिसन ने ब्रिटिश विदेश मंत्री को पत्र लिखकर बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।

शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद से बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को लगातार निशाना बनाए जाने के आरोप लग रहे हैं। मोहम्मद यूनुस शांति की अपील जरूर कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में सुधार होता नहीं दिख रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com