बलूच विद्रोहियों में पाकिस्तानी हुकूमत के खिलाफ एक बार फिर बगावत (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
इस्लामाबाद: पाकिस्तान का अभी भारतीय सीमा पर लगातार तनाव बढ़ रहा है इसी बीच बलूचिस्तान में पाकिस्तानी हुकूमत के खिलाफ एक बार फिर बगावत की आग भड़क उठी है। बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तान की सेना और सुरक्षाबलों पर जोरदार हमले करते हुए कई इलाकों पर कब्जा जमा लिया है। तुरबत, केच, क्वेटा और पंजगुर जैसे अहम शहरों में हिंसक झड़पों और धमाकों की भी खबरों की जानकारी सामने आ रही हैं। इन हमलों में पुलिस वाहन जब्त किए गए, चेकपोस्ट और थाने जलाए गए, साथ ही CPEC हाइवे को भी ब्लॉक कर दिया गया। संचार व्यवस्था ठप होने के कारण सही जानकारी नहीं मिल पा रही है लेकिन हालात बेहद तनावपूर्ण हैं।
बलूच विद्रोहियों ने जिन इलाकों में हमले किए वहां सरकारी संस्थानों को निशाना बनाया गया। NADRA कार्यालय और लेविज स्टेशन को आग के हवाले कर दिया गया। हथियारबंद हमलावरों ने न केवल सुरक्षाबलों पर हमला किया बल्कि ‘डेथ स्क्वाड’ के सदस्यों को भी नुकसान पहुंचाया। हौशाब में विद्रोहियों ने पूरे इलाके पर नियंत्रण हासिल कर लिया। यात्रियों की पहचान जांचते हुए विद्रोहियों ने कई गैर-स्थानीय लोगों को बंधक भी बना लिया है।
चार शहर हमले की जद में
बलूच विद्रोहियों ने हमले चार शहरों तुरबत, केच, क्वेटा और पंजगुर में एक साथ किए। तुरबत के डी बलोच इलाके में ग्रेनेड हमला हुआ, जबकि केच जिले के बुलेदा में भारी विस्फोट और गोलीबारी की खबरें हैं। क्वेटा के हजारगंजी और फैजाबाद में दो ग्रेनेड हमले किए गए। पंजगुर के वाशबोद इलाके में हथियारबंद विद्रोहियों ने CPEC हाइवे को ब्लॉक कर वाहनों की तलाशी ली और यात्रियों की पहचान जांची।
पुलिस वाहन जब्त, सरकारी संस्थान जले
हमलों में दो पुलिस वाहन और उनमें रखे हथियार कब्जे में ले लिए गए। एक पुलिस थाने को भी जला दिया गया और एक चेकपोस्ट पर विद्रोहियों का कब्जा हो गया। डेथ स्क्वाड के कमांडर कासिम के कुछ सहयोगियों के घायल होने की भी खबर है। हौशाब जिले में हुए एक बड़े हमले में NADRA कार्यालय और लेविज स्टेशन को आग के हवाले कर दिया गया और इलाके का नियंत्रण विद्रोहियों ने अपने हाथ में ले लिया।