'आने वाले महीने...', पीएम अल्बानीज ने ऑस्ट्रेलिया को किया संबधित; मुश्किल वक्त में एकजुटता की अपील

Australia Fuel Price: ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज ने देश को संबोधित करते हुए ईंधन पर एक्साइज ड्यूटी में 50% कटौती का ऐलान किया है। वैश्विक जंग के बीच उन्होंने आगामी महीनों को चुनौतीपूर्ण बताया।
'The months ahead...' PM Albanese addresses Australia; appeals for unity during difficult times.
पीएम अल्बानीज, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Australia Anthony Albanese Fuel Announcement: ऑस्ट्रेलियाई राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिहाज से आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहा। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने बुधवार को राष्ट्र के नाम एक विशेष संबोधन में नागरिकों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है लेकिन साथ ही भविष्य के प्रति आगाह भी किया है। पीएम अल्बानीज ने स्पष्ट शब्दों में देशवासियों से कहा कि आने वाले महीने आसान नहीं होंगे और वैश्विक परिस्थितियों के कारण ऑस्ट्रेलिया को कुछ कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

ऑस्ट्रेलिया में पेट्रोल और डीजल की कीमत

आम जनता को महंगाई से राहत देते हुए पीएम अल्बानीज ने ईंधन पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में 50 फीसदी की भारी कटौती करने का बड़ा फैसला लिया है। यह नई दरें बुधवार से ही प्रभावी हो गई हैं। इस फैसले के बाद, अब ऑस्ट्रेलिया में प्रति लीटर पेट्रोल और डीजल पर नागरिकों को 26 सेंट की बचत होगी। भारतीय मुद्रा के हिसाब से यह राहत करीब 16 से 17 रुपये प्रति लीटर बैठती है। सरकार का यह फैसला फिलहाल अगले तीन महीनों के लिए लागू किया गया है ताकि जनता को इस दबाव से उबारा जा सके।

युद्ध और वैश्विक अस्थिरता का प्रभाव

अपने संबोधन के दौरान प्रधान मंत्री ने वैश्विक स्तर पर चल रहे युद्ध और अनिश्चितता का जिक्र किया। उन्होंने स्वीकार किया कि दुनिया के कुछ हिस्सों में जारी संघर्षों (जैसे ईरान-इजरायल तनाव) ने ईंधन की आपूर्ति और कीमतों पर प्रतिकूल असर डाला है। अल्बानीज ने जनता से बात करते हुए कहा कि मैं इस बारे में स्पष्ट रहना चाहता हूं कि कोई भी सरकार युद्ध के कारण पैदा हुए इन हालातों को पूरी तरह खत्म करने का जादू नहीं कर सकती। हालांकि, उन्होंने यह वादा भी किया कि उनकी सरकार ऑस्ट्रेलिया को इन वैश्विक झटकों के सबसे बुरे प्रभावों से बचाने के लिए हर मुमकिन कदम उठाएगी।

नेशनल फ्यूल सिक्योरिटी प्लान

उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य की सुरक्षा पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। पीएम ने जानकारी दी कि सोमवार को हुई नेशनल कैबिनेट की बैठक में 'नेशनल फ्यूल सिक्योरिटी प्लान' को मंजूरी दी गई है। यह योजना उस स्थिति में बेहद कारगर साबित होगी जब वैश्विक स्तर पर ईंधन की सप्लाई चेन में कोई गंभीर संकट पैदा होता है।

सरकार का लक्ष्य अब न केवल ईंधन के दाम नीचे लाना है बल्कि ऑस्ट्रेलिया के भीतर ही अधिक ईंधन बनाने उसे सुरक्षित रखने और उसकी उपलब्धता बढ़ाने पर काम करना है।

चुनौतियों का सामना

संबोधन के अंत में पीएम अल्बानीज ने देशवासियों में आत्मविश्वास भरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि समय अनिश्चित जरूर है लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया के लोगों की क्षमता पर पूरा भरोसा है। उन्होंने नागरिकों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि हम इन सभी वैश्विक चुनौतियों का सामना 'ऑस्ट्रेलियाई तरीके' से करेंगे यानी एक-दूसरे का ख्याल रखते हुए और मिलकर काम करते हुए। इस संबोधन ने स्पष्ट कर दिया है कि ऑस्ट्रेलिया अपनी ऊर्जा सुरक्षा और नागरिकों की जेब को बचाने के लिए एक लंबी और सोची-समझी लड़ाई की तैयारी कर चुका है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com