बेल्जियम में 10 मंजिला अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, बिल्डिंग में मौजूद थे 200 से अधिक लोग, कई लोगों की मौत

Belgium Apartment Fire: यूरोपीय देश बेल्जियम के एंटवर्प शहर में एक 10 मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।
Fire in Belgium Apartment
बेल्जियम के अपार्टमेंट में लगी आग (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Fire in Belgium Apartment: यूरोपीय देश बेल्जियम से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, यहां एंटवर्प शहर में एक 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग गई है। घटना में कई लोगों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, फायर ब्रिगेड को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे एंटवर्प के लिंकेरोएवर जिले में आवासीय बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर आग लगने की इमरजेंसी कॉल की गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग में 200 से अधिक लोग रहते थे। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने एहतियातन बिल्डिंग को खाली करवा लिया है, लेकिन घटना में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की बात कही जा रही है। हालांकि मौतों के सही आंकड़ा अभी जारी नहीं किया गया है। साथ ही इस घटना में कई लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं।

आसमान में छाया काला धुंआ

घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। जिसमें आग के कारण बिल्डिंग से काले धुंए का गुबार निकलता नजर आ रहा है। इसके अलावा कई लोग बिल्डिंग की खिड़कियों से बाहर निकलकर मदद की अपील करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वो मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक इस बात का पता नहीं लगाया जा सका है कि  बिल्डिंग में आग कैसे लगी। साथ ही पुलिस ने यह भी कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बिल्डिंग के अंदर कितने लोग फंसे हुए हैं। पुलिस ने घटना में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की बात कही है। हालांकि अधिकारियों के ओर से मृतकों और घायलों की सटीक संख्या की जानकारी नहीं दी गई है।

हालात अब भी नियंत्रण में नहीं

फायर ब्रिगेड विभाग की प्रवक्ता मैरी डी क्लर्क ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। क्लर्क ने कहा कि आग अभी पूरी तरह नहीं बुझी है और हालात अब भी नियंत्रण में नहीं हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आपातकालीन सेवाओं को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, वासलैंड, केम्पेन, रैंड और रिविएरेनलैंड समेत कई पड़ोसी क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल दल बुलाए गए हैं, जो स्थानीय फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर आग बुझाने और राहत-बचाव अभियान में जुटे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com