नागपुर को मिले नए पुलिस कमिश्नर, विश्वास नांगरे पाटिल ने संभाला कमान, पहले ही दिन अपराधियों को दिया अल्टीमेटम

Nagpur New Police Commissioner: IPS विश्वास नांगरे पाटिल ने नागपुर पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने पद संभालते ही अपराधियों को सीधी चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है।
Nagpur New Police Commissioner Vishwas Nangare Patil takes charge
नागपुर पुलिस कमिश्नर का पदभार संभालते विश्वास नांगरे पाटिल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur New Police Commissioner Vishwas Nangare Patil: नागपुर को नए पुलिस कमिश्नर मिल गए हैं। IPS अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल ने सोमवार को नागपुर पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला। उन्होंने रविंद्र कुमार सिंगल की जगह ली है। पदभार संभालते ही विश्वास नांगरे ने नागपुर की कानून व्यवस्था को लेकर बड़ी बात कहते हुए अपराधियों को चेताया है।

नागपुर के नए पुलिस कमिश्नर विश्वास नांगरे पाटिल ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि वे नशीले पदार्थों के खिलाफ 'ऑपरेशन थंडर', महिलाओं की सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के पालन और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देंगे।

विश्वास नांगरे पाटिल ने अपराधियों को दी चेतावनी

सीनियर IPS अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल ने अपराधियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस से सिर्फ अपराधियों को डरना चाहिए; आम नागरिकों को डरने की जरूरत नहीं है।

विश्वास नांगरे पाटिल ने कहा कि नागपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर के लिए उनकी प्राथमिकताएं होंगी - कानून-व्यवस्था को मज़बूत करना, संगठित अपराध पर रोक लगाना, अवैध ड्रग्स के कारोबार के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करना और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कामकाज पारदर्शी और जन-केंद्रित होगा, और सेवा की भावना के साथ पुलिस बल में नागरिकों का भरोसा और मजबूत किया जाएगा।

नागपुर की जिम्मेदारी पर क्या बोले नए पुलिस कमिश्नर

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा अपने गृह जिले की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर पर उन्होंने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि कानून लागू करते समय किसी भी तरह का दबाव या दखल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधियों के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RSS विवाद पर दिया स्पष्टीकरण

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर हुए विवाद पर पहली बार बोलते हुए नागपुर पुलिस कमिश्नर विश्वास नांगरे पाटिल ने कहा कि वह पिछले तीन दशकों से अलग-अलग धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं।

विश्वास नांगरे पाटिल ने कहा कि RSS के कार्यक्रम में, उन्होंने युवाओं को नशा मुक्ति, समाज सेवा और पुलिस बल में करियर के मौकों जैसे मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया था। उन्होंने मजबूती से कहा कि मेरी निष्ठा सिर्फ भारतीय संविधान के प्रति है, और मैं पूरी तरह से संवैधानिक दायरे में रहकर काम करूंगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com