

Trinamool Congress gets notice to vacate office: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव मिली हार और सत्ता से बाहर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस की परेशानियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। अब पार्टी के अस्थायी मुख्यालय तृणमूल भवन को लेकर भी नई मुश्किल खड़ी हो गई है। कोलकाता के ईएम बाइपास के पास स्थित बहुमंजिला इमारत के मालिक ने पार्टी को 2 महीने के भीतर कार्यालय खाली करने का नोटिस भेज दिया है। एपी कैनाल साउथ रोड स्थित इस मकान के मालिक मनोतोस साहा उर्फ मोंटू साहा ने तृणमूल नेतृत्व को कहा है कि तय समय सीमा के अंदर कार्यालय खाली कर दिया जाए।
दरअसल, साल 2022 में तृणमूल कांग्रेस ने तपसिया स्थित अपने पुराने और स्थायी मुख्यालय के पुनर्निर्माण के कारण अस्थायी रूप से इस इमारत को किराये पर लिया था। शुरुआत में दो साल का समझौता हुआ था, जिसे बाद में आगे बढ़ाया गया।
अब एग्रीमेंट का समयसीमा खत्म होने के बाद बिल्डिंग के मालिक ने अपनी प्रॉपर्टी वापस लेने का फैसला किया है। मोंटू साहा का कहना है कि 4 मई को चुनाव नतीजे आने के बाद से उनके भवन पर हमले की आशंका बनी हुई थी। उनका दावा है कि वह अपनी संपत्ति को किसी भी तरह के नुकसान से बचाना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने पार्टी से कार्यालय खाली करने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने मौखिक रूप से दो महीने के भीतर भवन खाली करने का भरोसा दिया है और सभी बकाया किराया चुका दिया गया है।
इस पूरे मामले के बारे में जानकारी देते हुए टीएमसी प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी ने इस बिल्डिंग को किराये पर लिया था। अगर मालिक अब उसे वापस चाहते हैं तो यह उनका अधिकार है। सूत्रों के मुताबिक, तपसिया रोड स्थित तृणमूल कांग्रेस के पुराने मुख्यालय का मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पार्टी जल्द ही अपने पुराने कार्यालय में लौट सकती है।
दूसरी ओर, कोलकाता नगर निगम ने रविवार को तिलजाला, कस्बा और बेलेघाटा सहित शहर के कई हिस्सों में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि केएमसी ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन ढांचों को ध्वस्त किया, जो नगर नगम के नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए थे। नगर निगम के अधिकारी तिलजाला के वार्ड-66 में पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच इमारतों के अनाधिकृत हिस्सों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। इस वार्ड का प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस के विधायक जावेद खान के बेटे फैयाज अहमद खान करते हैं।