टीएमसी नेता दीपांकर भट्टाचार्य के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी: 80 लाख कैश बरामद, और क्या मिला?

Dipankar Bhattacharya Arrested: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना में पुलिस ने टीएमसी नेता दीपांकर भट्टाचार्य के ठिकानों से 80 लाख रुपये नकद और गबन की गई सरकारी राहत सामग्री बरामद की है।
dipankar bhattacharya
टीएमसी नेता दीपांकर भट्टाचार्य के ठिकानों पर छापेमारी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

TMC leader Dipankar Bhattacharya Raid: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच एक और बड़े नेता पुलिस के शिकंजे में आए हैं। नॉर्थ 24 परगना जिले में बादुरिया म्युनिसिपालिटी के चेयरमैन और टीएमसी नेता दीपांकर भट्टाचार्य के कई ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में बेहिसाब नकदी और सरकारी सामग्री बरामद हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार की देर रात बादुरिया पुलिस स्टेशन की टीम ने दीपांकर भट्टाचार्य के घर, पार्टी कार्यालय और उनके करीबी एक कंप्यूटर सेंटर पर एक साथ छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस को एक कंप्यूटर सेंटर का ताला तोड़कर अंदर घुसना पड़ा। इन अलग-अलग ठिकानों की तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 80 लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं, जिसका कोई हिसाब नेताजी के पास नहीं था।

राहत सामग्री का गबन और गिरफ्तारी

नकदी के अलावा, पुलिस को छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री भी मिली है। आरोप है कि दीपांकर भट्टाचार्य ने इस सामग्री का गबन किया था और इसे अवैध रूप से छिपाकर रखा था। भ्रष्टाचार और गबन के इन गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बंगाल पुलिस ने एहतियात के तौर पर उनके घर को भी सील कर दिया है और उन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मुर्शिदाबाद में डीसी शांतनु सिन्हा के घर फिर पहुंची ED

भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही इस कार्रवाई की आंच केवल नॉर्थ 24 परगना तक सीमित नहीं है। मुर्शिदाबाद जिले के कांदी शहर में कोलकाता पुलिस के डीसी रैंक के अधिकारी शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर पर प्रवर्तन निदेशालय ने दोबारा छापेमारी की है।

शांतनु सिन्हा फिलहाल ईडी की कस्टडी में हैं और उनके घर की सुरक्षा में सेंट्रल फोर्स तैनात की गई है। जांच अधिकारी उनके घर के परिसर में बने उस तालाब और सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच कर रहे हैं, जहां संदिग्ध गतिविधियों की आशंका जताई गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com