

Mamta Increase Honorarium: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को राज्य के पुजारियों और मुअज्जिनों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने उनके मासिक मानदेय में 500 रुपए की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इस संशोधन के बाद अब उन्हें हर महीने 2,000 रुपए का मानदेय मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पोस्ट में ममता बनर्जी ने लिखा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पुरोहितों और मुअज्जिनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में 500 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
सीएम ममता बनर्जी ने मानदेय बढ़ाने का ऐलान करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि इनकी सेवा ही हमारे समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखती है। इस संशोधन के साथ, अब उन्हें हर महीने 2,000 रुपए मिलेंगे।
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि इसके साथ ही, पुरोहितों और मुअज्जिनों द्वारा विधिवत जमा किए गए सभी नए आवेदन भी राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत कर दिए गए हैं। हमें ऐसे माहौल को बढ़ावा देने पर गर्व है, जहां हर समुदाय और हर परंपरा को महत्व दिया जाता है और उसे मजबूती प्रदान की जाती है। हमारा प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संरक्षकों को वह पहचान और सहयोग मिले, जिसके वह हकदार हैं।
पश्चिम बंगाल सरकार पुजारियों और इमाम-मुअज्जिनों के लिए अलग-अलग कल्याण योजनाएं चलाती है। सितंबर 2020 में शुरू हुई 'राज्य पुरोहित कल्याण प्रकल्प' के तहत आर्थिक रूप से कमजोर पुजारियों को सहायता दी जाती है। इसमें ब्राह्मण, आदिवासी और अन्य समुदायों के पुजारी शामिल हैं। पहले 1,000 रुपये मिलते थे फिर 2023 में 1,500 हुए और अब बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह कर दिए गए हैं।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। पोलिंग बूथों पर पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। साथ ही सुरक्षा की सख्त व्यवस्था रहेगी।