महिला दिवस पर मोदी सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेंगी ममता बनर्जी, LPG सिलेंडर की कीमत में वृद्धि को बनाया मुद्दा

LPG Price Hike: ममता बनर्जी ने कोलकाता में तीन दिवसीय धरने में मतदाता सूची से नाम काटने और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार व चुनाव आयोग पर निशाना साधा।
Mamata Dharna Gas Price Hike Voter List Deletion CM Attacks Centre Election commission
ममता बनर्जी (Image- Social Media)
Published on
Updated on

West Bengal News: बंगाल में मतदाता सूची से वोटरों के नाम हटाए जाने के विरोध में तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार से धरने पर बैठी हैं। कोलकाता के धर्मतला स्थित मेट्रो चैनल में यह धरना तीन दिनों तक चलेगा। धरने के दूसरे दिन ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं से बर्तन लेकर और काली साड़ी पहनकर विरोध मार्च निकालने की अपील की।

रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने को लेकर ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “कल गैस की कीमत 60 रुपये बढ़ाई गई, जबकि तीन दिन पहले भी 49 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत 2100 रुपये तक पहुंच गई है और छोटे सिलेंडर का दाम करीब 1000 रुपये हो गया है। ऊपर से कहा जा रहा है कि बुकिंग 21 दिन पहले करनी होगी।”

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “अगर किसी के घर में गैस खत्म हो जाए तो क्या लोग 21 दिन तक बिना खाना बनाए रहेंगे? क्या इन बातों के बारे में पहले नहीं सोचा जाता? लोग आखिर खाएंगे क्या?”

महिला दिवस पर जुलूस का आह्वान

ममता बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन महंगाई के विरोध में सड़कों पर उतरने की घोषणा भी की। उन्होंने महिलाओं से काली साड़ी पहनकर और रसोई के बर्तन लेकर जुलूस में शामिल होने की अपील की।

धरना मंच से उन्होंने कहा, “कल जुलूस निकलेगा। गैस नहीं है, खाना नहीं है, इसलिए इंटरनेशनल विमेंस डे पर बर्तन, कड़ाही और कटोरी के साथ विरोध मार्च निकलेगा। इंसानियत को बनाए रखने के लिए मां-बहनों को सड़कों पर उतरना चाहिए। जरूरत पड़े तो काली साड़ी पहनकर आएं। कोई गैस ओवन भी ला सकता है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल शांतिपूर्ण विरोध के लिए है। उनके शब्दों में, “यह विरोध के लिए है, अशांति फैलाने के लिए नहीं। आपको विरोध की सही भाषा चुननी होगी।”

गैस कीमतों को बनाया मुद्दा

माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इस पर भी ममता बनर्जी ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति के बारे में पहले से क्यों नहीं सोचा गया। उन्होंने कहा, “क्या इन बातों पर पहले विचार नहीं किया जाना चाहिए था? मैं उन्हें कॉमरेड्स कहती हूं। मैं कॉमरेड्स शब्द का सम्मान करती हूं, लेकिन गुमनाम कॉमरेड्स का नहीं।”

कुकिंग गैस के 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद इसकी कीमत 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये हो गई है। वहीं 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,875 रुपये 50 पैसे से बढ़कर 1,990 रुपये हो गई है, यानी इसमें 114 रुपये 50 पैसे की वृद्धि हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com