

Kolkata Hotel Fire 9 Dead: कोलकाता की फ्री स्कूल स्ट्रीट पर होटल में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। धुएं से कई लोग बेहोश हुए और कई झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया गया। आग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मंगलवार की रात कोलकाता की फ्री स्कूल स्ट्रीट पर एक होटल में आग लग गई और यह आग आस-पास के कई होटलों तक फैल गई। दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। वहीं, बताया जा रहा है कि धुएं के कारण कई लोग बेहोश हो गए, जिन्हें बचाकर अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना पर दमकल की चार गाड़ियों और आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और आग पर काबू पाया। फिलहाल, आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और दमकल विभाग की टीम मौजूद है।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में तड़के करीब 2 बजे आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए यहां आए थे।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग रात में करीब दो बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पास स्थित होटल में लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, होटल से सबसे पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि आग होटल से बाहर निकलने वाले रास्ते के आसपास फैल गई थी। आधी रात के समय आग लगने के कारण होटल में ठहरे कई लोगों को घटना की जानकारी देर से हुई।
धुएं के कारण कई लोग होटल के अंदर फंस गए। दमकलकर्मियों ने राहत अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला। नौ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी थे, जो इलाज के लिए कोलकाता आए हुए थे।
आग लगने की वजह को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। शुरुआती तौर पर एसी में खराबी या धमाके को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। न्यू मार्केट थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
यह हादसा पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में हुई दूसरी बड़ी होटल आग की घटना है। इससे दो दिन पहले, 17 अगस्त को बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित होटल विदेशिनी में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
वहीं, 18 अगस्त दोपहर कोलकाता एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम के दूसरे तल पर भी आग लग गई थी। हालांकि दमकलकर्मियों और एयरपोर्ट अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से उस आग पर समय रहते काबू पा लिया गया था। लगातार हो रही आग की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन मानकों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
होटल में आग लगने की घटनाओं इन दिनों बढ़ने लगी है। इससे ठीक एक दिन पहले सोमवार को तारापीठ के पास एक होटल में आग लगने की खबर सामने आई थी, जिसमें 6 लोगों की जलकर मौत हो गई थी।