दार्जिलिंग में मौत का मातम: कुदरत ने काल बनकर निगल लीं 14 जिंदगियां, VIDEO में देखें भयावह मंजर

West Bengal News: बंगाल में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। दार्जिलिंग के मिरिक और सुखिया पोखरी में भूस्खलन से 14 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा, दुधिया में बालासन नदी पर बना लोहे का पुल ढह गया।
heavy-rain-landslide-darjeeling-claims-14-lives-watch-video
दार्जिलिंग में भूस्खलन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Darjeeling Landslide: उत्तर बंगाल में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। दार्जिलिंग के मिरिक और सुखिया पोखरी में भूस्खलन से 14 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा, दुधिया में बालासन नदी पर बना लोहे का पुल ढह गया। दार्जिलिंग जिला पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटी है। बंगाल और सिक्किम के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "दार्जिलिंग में हुए पुल हादसे में जान-माल के नुकसान से मैं बेहद दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए, दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। हम प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर

दार्जिलिंग में हुए भयावह भूस्खलन का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे पलक झपकते ही एक इमारत जमींदोज हो जा रही है। वीडियो में क्षतिग्रस्त पुल भी दिखाई दे रहा है। यह खौफनाक मंजर किसी को भी दहला सकता है।

एसपी ने दी आपदा की जानकारी

दार्जिलिंग जिला पुलिस के कुर्सियांग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक ने मीडिया को बताया कि मलबे से सात शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हमें दो और लोगों के बारे में जानकारी मिली है और उनके शव निकालने के प्रयास जारी हैं। दार्जिलिंग जाने वाले कुर्सियांग मार्ग पर दिलाराम में भूस्खलन हुआ है। सड़क अवरुद्ध है।

उन्होंने आगे बताया कि गौरीशंकर में भूस्खलन के कारण रोहिणी मार्गऐाे भी अवरुद्ध है। पनकाहाबाड़ी मार्ग की हालत बहुत खराब है। तिनधारिया मार्ग अभी भी चालू है। हम तीन से चार घंटों के भीतर सभी पर्यटकों को तिनधारिया होते हुए मिरिक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

पर्यटन स्थलों को किया गया बंद

कई निचले इलाकों में जलस्तर राष्ट्रीय राजमार्ग 10 से ऊपर उठ गया है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इस समय निकासी या अस्थायी आश्रयों की कोई आवश्यकता नहीं है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण, गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) ने टाइगर हिल और रॉक गार्डन सहित दार्जिलिंग के पर्यटन स्थलों को बंद करने का निर्णय लिया है। दार्जिलिंग टॉय ट्रेन सेवाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 6 अक्टूबर तक बीरभूम समेत कुछ जिलों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। पिछले कुछ दिनों से उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों समेत राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com