रातों-रात तबाही! पहाड़ों से बरसी मौत... हिमाचल प्रदेश के निहरी में लैंडस्लाइड, बचाव अभियान जारी

Himachal Natural Disaster: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया। सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से...
landslide-in-himachal-pradesh-nihari-tehsil-kills-three-two-rescued-search-on
हिमाचल प्रदेश के निहरी में लैंडस्लाइड, फोटो ( सो. आईएएनएस)
Updated on

Himachal landslide:  हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात हुई तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में भूस्खलन की घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ रही हैं।

ब्रगटा गांव में हुए भूस्खलन से एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर में मौजूद दो महिलाएं और 8 महीने के मासूम की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही निहरी चौकी की टीम मौके पर पहुंची। इस घटना की पुष्टि एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने की है।

हादसे में तीन लोगों की मौत

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि हादसे के वक्त घर में कुल पांच लोग मौजूद थे। इनमें से तीन की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान 64 वर्षीय तांगू देवी, 33 वर्षीय कमला देवी और 8 महीने के भीष्म सिंह के रूप में हुई है। वहीं 65 वर्षीय खूब राम और 58 वर्षीय दर्शन देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

उन्होंने बताया कि रात से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर जुटी हुई थी। लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया रात से ही जारी है और जल्द ही सभी को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। इससे पहले भी सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में ऐसा ही हादसा हुआ था, जिसमें सात लोगों की जान चली गई थी। अब निहरी क्षेत्र में यह नया हादसा सामने आया है।

लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के कारण इलाके की अधिकांश सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई है। फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोग और राहत दल अपने स्तर पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते पहाड़ों से मलबा गिरने का खतरा अभी भी बरकरार है। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी भारत भूषण और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से घरों से बाहर न निकलने तथा सतर्क रहने की अपील की। जिले के कई हिस्सों में पानी भर जाने से हालात और भी गंभीर बने हुए हैं।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com