दिमाग की सर्जरी के दौरान जागती रही महिला, ऑपरेशन थिएटर में देखती रही पवन कल्याण की फिल्म

Brain Tumour Surgery : आंध्र प्रदेश में ब्रेन ट्यूमर की जटिल सर्जरी के दौरान महिला पूरी तरह होश में रही और अभिनेता पवन कल्याण की फिल्म OG देखती रही। डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक ट्यूमर निकाल दिया।
A woman remained awake and watched Pawan Kalyan's film OG while doctors successfully removed her brain tumour in Andhra Pradesh.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Pawan Kalyan Movie in Operation Theatre : आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से चिकित्सा जगत का एक बेहद दिलचस्प और प्रेरणादायक मामला सामने आया है। यहां ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित एक महिला की जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। ऑपरेशन के समय महिला पूरी तरह होश में थी और अपने पसंदीदा अभिनेता पवन कल्याण की फिल्म OG देख रही थी।

45 वर्षीय कोटेश्वरम्मा को बार-बार बेहोशी और दौरे पड़ने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच और एमआरआई स्कैन में डॉक्टरों को पता चला कि उनके मस्तिष्क में एक ट्यूमर है, जो दिमाग के उस संवेदनशील हिस्से के बेहद करीब स्थित था, जो शरीर की गतिविधियों और अन्य महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल कार्यों को नियंत्रित करता है।

ब्रेन सर्जरी के दौरान महिला ने देखी पवन कल्याण की फिल्म

ट्यूमर की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने Awake Craniotomy नामक विशेष न्यूरोसर्जिकल प्रक्रिया अपनाने का फैसला किया। इस तकनीक में मरीज ऑपरेशन के दौरान पूरी तरह बेहोश नहीं किया जाता, बल्कि उसे जागृत अवस्था में रखा जाता है ताकि डॉक्टर लगातार उसके मस्तिष्क की कार्यप्रणाली की निगरानी कर सकें।

सर्जरी से पहले डॉक्टरों को पता चला कि कोटेश्वरम्मा अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की बड़ी प्रशंसक हैं। मरीज को सहज और शांत रखने के लिए ऑपरेशन थिएटर में उनकी पसंदीदा फिल्म OG चला दी गई।

सफल सर्जरी के बाद पूरी मेडिकल टीम की सराहना हुई

पवन कल्याण की फिल्म देखते हुए कोटेश्वरम्मा डॉक्टरों के सवालों का जवाब देती रहीं। सर्जरी के दौरान मेडिकल टीम समय-समय पर उनसे हाथ-पैर हिलाने और सामान्य निर्देशों का पालन करने को कहती रही। उनकी प्रतिक्रियाओं के आधार पर डॉक्टर मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों की निगरानी करते रहे और ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकालने में सफल रहे।

इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व न्यूरोसर्जन Dr Padmanabhuni Arun Kumar ने किया। सफल सर्जरी के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पूरी मेडिकल टीम की सराहना की और इसे आधुनिक चिकित्सा तकनीक तथा मरीज-केंद्रित देखभाल का बेहतरीन उदाहरण बताया। यह मामला अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग डॉक्टरों की कुशलता और मरीज की हिम्मत की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com