

High Rise Building Video : सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो वायरल होते हैं। इनमें कुछ वीडियो लोगों को हंसाते हैं तो कुछ हैरान कर देते हैं। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर कई लोगों की सांसें थम गईं।
वीडियो में तीन लोग एक ऊंची इमारत के बाहरी हिस्से में बेहद खतरनाक तरीके से खड़े होकर AC की मरम्मत करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि उनके पास किसी तरह का सुरक्षा उपकरण या सेफ्टी बेल्ट भी नहीं दिखाई देता, जिसके कारण यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बिल्डिंग के बाहर बने बेहद संकरे हिस्से पर खड़ा होकर AC के आउटडोर यूनिट को ठीक करने या लगाने का काम कर रहा है। वहीं उसके पीछे दो अन्य लोग उसी पटरी पर खड़े हैं और संतुलन बनाए रखने में मदद कर रहे हैं।
ऐसा लगता है कि पीछे खड़े लोगों के वजन की वजह से आगे काम कर रहा व्यक्ति गिरने से बचा हुआ है। हालांकि जरा सी चूक या संतुलन बिगड़ने पर बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो में जब कैमरा जूम आउट होता है तो पता चलता है कि यह काम काफी ऊंचाई पर किया जा रहा है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
इस वायरल वीडियो को एक्स पर @Girijaa_oak नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया, "सभी आदमी नहीं, लेकिन हमेशा आदमी ही।" वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कुछ यूजर्स इसे भरोसे और टीमवर्क का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे खतरनाक लापरवाही मान रहे हैं। हालांकि वीडियो कब और कहां का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। फिर भी यह क्लिप लोगों को सुरक्षा नियमों की अहमियत जरूर याद दिला रही है और बता रही है कि किसी भी काम में सावधानी सबसे जरूरी होती है।