

British Tourist Emotional Farewell : भारत घूमने आने वाले विदेशी पर्यटक अक्सर यहां की संस्कृति, खानपान और लोगों की मेहमाननवाजी से प्रभावित नजर आते हैं। लेकिन एक ब्रिटिश टूरिस्ट ने भारत छोड़ते समय जो भावुक प्रतिक्रिया दी, उसने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया।
उसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह भारत और यहां बने अपने दोस्तों को अलविदा कहते हुए भावुक नजर आता है। वीडियो को 'भारत छोड़ना, सबसे कठिन विदाई' शीर्षक के साथ साझा किया गया है और इसे लाखों लोग देख चुके हैं।
इंस्टाग्राम पर @flewy86 नाम के अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो में ब्रिटिश टूरिस्ट कहता है कि भारत छोड़कर वापस ब्रिटेन जाना उसके लिए बेहद मुश्किल होता है। वह कहता है, "मुझे सच कहना होगा, दुनिया का सबसे बड़ा दर्द भारत में अपने दोस्तों को अलविदा कहना और फिर यह जानना है कि मैं जा रहा हूं।
जब भी मुझे भारत छोड़कर ब्रिटेन लौटना पड़ता है, तो यह एहसास बहुत बुरा लगता है। दुनिया में भारत जैसा कोई दूसरा स्थान नहीं है। मुझे यह जगह किसी भी दूसरी जगह से ज्यादा प्यारी है।" वीडियो में वह आगे कहता है कि हर बार भारत से विदा लेना उसके लिए कठिन होता है, लेकिन वह दोबारा जरूर लौटेगा। अंत में उसने "जय हिंद" कहकर अपनी बात समाप्त की।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी दिल छू लेने वाली प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने ब्रिटिश टूरिस्ट को भारत दोबारा आने का खुला निमंत्रण दिया। एक यूजर ने लिखा, "चिंता मत करो, भारत तुम्हारी आत्मा का एक हिस्सा हमेशा अपने पास रखेगा और तुम जरूर वापस आओगे।"
वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि वीडियो देखकर उसकी आंखें नम हो गईं। कई लोगों ने विदेशी पर्यटक के भारत के प्रति प्रेम और सम्मान की सराहना की। यह वायरल वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि भारत सिर्फ एक देश नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव है जो यहां आने वाले लोगों के दिलों में हमेशा के लिए बस जाता है।